मसूरी में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर शनिवार को मसूरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मसूरी के एक्वेरियम स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर कांग्रेसियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और श्पंडित जवाहरलाल नेहरू अमर रहेंश् के नारे लगाए। इस दौरान उनके योगदान, दूरदर्शी सोच और आजादी के बाद विपरीत परिस्थितियों में देश की नींव मजबूत करने में निभाई गई भूमिका को याद किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि आजादी के बाद देश के सामने अनेक चुनौतियां थीं। ऐसे कठिन दौर में पंडित नेहरू ने देश को विकास, आधुनिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की दिशा में आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने औद्योगिक विकास, शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थापना पर विशेष जोर दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज की पीढ़ी को उनके विचारों और बताए मार्ग से प्रेरणा लेकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए।
नेहरू जयंती के अवसर पर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ भी अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस भवन में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत को लेकर भ्रष्टाचार के आरोपों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अभियान के तहत एकत्रित किए गए हस्ताक्षर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे, ताकि प्रदेश में उठ रहे भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच हो सके।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और भाजपा सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रदेश की जनता महंगाई और विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार के मंत्रियों और व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर देश और प्रदेश को बांटने की राजनीति की जा रही है, जबकि जनता को विकास, रोजगार, शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश को एकता, लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के रास्ते पर आगे बढ़ाने का संदेश दिया था। आज उनके विचारों को याद करने के साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना भी जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस अपना विरोध जारी रखेगी और जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों तथा कार्यप्रणाली पर सवाल उठाएगी। इस मौके पर जोत सिंह गुनसोला, उपेंद्र थापली,सुशांत बोहरा,अमित गुप्ता, पवन थलवाल,राजीव अग्रवाल,अनुज गुप्ता,जगपाल गुसाईं,नवीन शाह सौरव सोनकर, योगेश मल्ल, भगवती प्रसाद कुकरेती,तेजपाल रौथान , वसीम खान सहित कई लोग मौजूद थे।

