पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। बुधवार सुबह मसूरी एसडीएम कार्यालय परिसर स्थित सरकारी आवासों पर अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। भारी-भरकम चट्टान सीधे एक सरकारी आवास की पत्थर की दीवार से टकराई, जिससे दीवार का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कमरे में कर्मचारी गोविंद सिंह नेगी, उनकी पत्नी और छोटा बच्चा मौजूद थे। गनीमत रही कि पूरा परिवार बाल-बाल बच गया। इस दौरान उनकी पत्नी को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शी गोविंद सिंह नेगी ने बताया कि सुबह अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। जब तक परिवार कुछ समझ पाता, पहाड़ से टूटकर आई चट्टान कमरे की पत्थर की दीवार तोड़ते हुए अंदर तक आ गई। जिस स्थान पर चट्टान गिरी, उससे कुछ ही दूरी पर उनका बिस्तर था। यदि चट्टान का रुख थोड़ा भी बदल जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि एसडीएम कार्यालय परिसर के इन पुराने सरकारी आवासों में करीब पांच परिवार रहते हैं। बरसात के दौरान यहां अक्सर पहाड़ी से पत्थर गिरते रहते हैं, लेकिन इस बार पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर गिरा, जिससे पूरे परिवार की जान खतरे में पड़ गई।
गोविंद सिंह नेगी ने बताया कि ये सरकारी आवास अंग्रेजों के समय के बने हुए हैं और अब काफी जर्जर हो चुके हैं। पत्थर की मजबूत दीवार होने के कारण इस बार बड़ा हादसा टल गया। यदि सामान्य ईंट की दीवार होती तो पूरी दीवार ढह सकती थी और परिवार के बचने की संभावना बेहद कम रहती। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद परिवार दहशत में है। छोटे बच्चे के साथ इस आवास में रहना अब असुरक्षित महसूस हो रहा है। सुबह का भयावह मंजर अभी भी उनकी आंखों के सामने है।
घटना की सूचना तत्काल एसडीएम मसूरी राहुल आनंद को दे दी गई है। गोविंद सिंह ने बताया कि एसडीएम ने जल्द मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है तथा स्थिति का आकलन कर उचित कदम उठाए जाएंगे। गोविंद सिंह नेगी ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर सरकारी आवासों का पुनर्निर्माण कराया जाए। साथ ही आवासों के पीछे स्थित दरकी हुई पहाड़ी का वैज्ञानिक तरीके से ट्रीटमेंट कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

