मसूरी में बारिश का कहर, राजभवन कर्मचारी आवास पर ढहा पुश्ता, मलबा घुसने से घर का सामान तबाह

Blog
 Image


पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। बुधवार को लाइब्रेरी-कैंपटी टैक्सी स्टैंड के समीप स्थित राजभवन कर्मचारी आवास में भारी बारिश के चलते सुरक्षा पुश्ता अचानक भरभराकर ढह गया। पुश्ता गिरने के साथ भारी मात्रा में पत्थर और मलबा सीधे आवास के कमरों में घुस गया, जिससे घर में रखा फर्नीचर, बिस्तर, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के समय कमरे में दो लोग मौजूद थे। तेज आवाज सुनते ही दोनों ने तुरंत बाहर भागकर अपनी जान बचाई। यदि कुछ पल की भी देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास रहने वाले तीन परिवार दहशत में आ गए। स्थानीय निवासी रूपचंद ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण पुश्ता कमजोर हो गया था। अचानक पुश्ता ढहने से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा कमरे में आ गिरा, जिससे घर का लगभग पूरा सामान खराब हो गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अभी भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है और लोग भय के साये में रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर पुश्ते और ढलान कमजोर हो चुके हैं। ऐसे में समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में बड़े हादसे हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त पुश्ते का पुनर्निर्माण कराने, ढलान की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं लगातार हो रही बारिश के बीच क्षेत्र के लोगों में अभी भी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।