रुद्रपुर कोतवाली एसएस का दावा: सम्मोहन गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी पुलिस

Blog
 Image

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में ठगों का एक शातिर ‘सम्मोहन गैंग’ सक्रिय हो गया है। कोतवाली क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को अपने जाल में फंसाकर और सम्मोहित कर करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरी कॉलोनी में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, शांति विहार कॉलोनी निवासी रजनी गर्ग रविवार दोपहर बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं। रेलवे क्रॉसिंग मोड़ के पास एक युवक ने उन्हें रोका और किसी बाबा का पता पूछने के बहाने बातों में उलझा लिया। इसी बीच हेलमेट और नकाब पहने दो अन्य युवक वहां पहुंचे। उन्होंने महिला को डराते हुए कहा कि उनके परिवार पर ‘भारी साया’ है, जिसके कारण घर में परेशानियां आ रही हैं। पीड़िता के अनुसार, बातचीत के दौरान ठगों ने उन्हें इस कदर सम्मोहित कर लिया कि उनकी सोचने-समझने की शक्ति खत्म हो गई। ठगों के इशारे पर महिला अपने घर गई और अलमारी के लॉकर से करीब 13 तोला सोने के आभूषण निकालकर ले आई। ठगों ने बड़ी चालाकी से आभूषणों को एक सफेद कागज में लपेटा और सफेद धागे से बांधकर एक पोटली महिला को थमा दी। उन्होंने महिला को चेतावनी दी कि यदि रास्ते में पीछे मुड़कर देखा या पोटली खोली, तो परिवार का सर्वनाश हो जाएगा। डरी हुई महिला ने घर पहुंचकर पोटली मंदिर में रख दी। कुछ समय बाद जब सम्मोहन का असर कम हुआ और उन्होंने शक होने पर पोटली खोली, तो उनके होश उड़ गए। पोटली के भीतर कीमती आभूषणों की जगह सिर्फ पत्थर भरे हुए थे। ठगी का अहसास होते ही महिला ने अपने परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। रुद्रपुर कोतवाली के एसएस अनिल जोशी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने जनता से अपील की है कि सड़क पर किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं, विशेषकर जो तंत्र-मंत्र या 'बुरे साये' का डर दिखाकर आभूषण उतारने या घर से मंगवाने की बात करते हों।