govt-ads

मसूरी में बारहसिंगा घायल, जंगल बेहाल! वन्यजीवों के आशियाने को बचाने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग

Blog
 Image


मसूरी। झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर घायल अवस्था में मिले बारहसिंगा ने एक बार फिर मसूरी के जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई जंगली जानवर दिखाई देते रहे हैं, लेकिन लगातार बढ़ती मानवीय गतिविधियों और हरे-भरे क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाए जाने से वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की कि केवल घायल बारहसिंगा का उपचार कराने तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि पूरे क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि जंगल और हरियाली को नुकसान पहुंचने से जंगली जानवरों के सामने भोजन, पानी और सुरक्षित आवास की समस्या पैदा हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने घायल बारहसिंगा के तत्काल उपचार और उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है। साथ ही घड़ीपानी शॉर्टकट रोड और आसपास के वन क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही को देखते हुए नियमित गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।
मसूरी वन विभाग के रेंजर महेंद्र सिंह ने बताया कि बारहसिंगा की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। वन्यजीव को अपने कब्जे में लेकर उसके उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मौजूद जंगली जानवरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रेंजर ने स्पष्ट किया कि वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाने या वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को प्रभावित करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति वन अधिनियम का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घायल बारहसिंगा की घटना को वन्यजीव संरक्षण के लिए चेतावनी के तौर पर लिया जाना चाहिए। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र का निरीक्षण कर संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने, अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और वन्यजीवों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि वन्यजीवों का इलाज जरूरी है, लेकिन उनके सुरक्षित आशियाने को बचाना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है।