मसूरी। रक्षाबंधन के पर्व को इस बार मसूरी की बेटियों ने सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं रखा, बल्कि देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे जवानों को अपना भाई मानकर उनके लिए प्रेम और सम्मान का रक्षा सूत्र तैयार किया। लायंस क्लब मसूरी हिल्स की पहल पर नगर के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित राखी बनाओ प्रतियोगिता की राखियां आईटीबीपी जवानों, पुलिसकर्मियों और अग्निशमन विभाग के जवानों को ससम्मान भेंट की गईं। प्रतियोगिता में सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज, मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज, महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और बचपन प्ले स्कूल की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने मोती, चावल, पत्ती, ऊन, कलावा, बिंदियों के साथ दवाइयों के रैपर और पिस्ता के कवर जैसी उपयोगी व पुनर्चक्रित सामग्री से आकर्षक राखियां तैयार कर अपनी रचनात्मकता दिखाई। खास बात यह रही कि इन राखियों में केवल रंग और सजावट नहीं, बल्कि देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना भी नजर आई। त्योहारी माहौल में जब अधिकांश लोग अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाते हैं, वहीं सीमा प्रहरी और सुरक्षा बलों के अनेक जवान घर से दूर रहकर देश की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में छात्राओं द्वारा भेजी गई राखियां उनके लिए भावनात्मक जुड़ाव का संदेश लेकर पहुंचीं। क्लब की ओर से प्रत्येक विद्यालय की तीन सर्वश्रेष्ठ राखियों का चयन किया गया है। चयनित छात्राओं को क्लब के आगामी कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के दौरान संबंधित विभागों के जवानों और अधिकारियों ने छात्राओं की प्रतिभा तथा क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। लायंस क्लब मसूरी हिल्स के अध्यक्ष लायन अनुज तायल, सचिव लायन राजीव अग्रवाल और कोषाध्यक्ष लायन मदन मोहन शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया। आयोजन ने रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक सरोकार, देशभक्ति और भावनात्मक रिश्ते से जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि रक्षा का यह सूत्र सिर्फ घर के भाई की कलाई तक सीमित नहीं, बल्कि देश की रक्षा करने वाले हर जवान तक पहुंच सकता है।

