)
सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी में आयोजित दो दिवसीय ब्रदर जे.जी. मास्टरसन एंड सी.जे. बर्गिन मेमोरियल डिबेट-2026 में देशभर से जुटे युवा वक्ताओं ने अपनी तार्किक क्षमता और अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। चार चरणों में हुई प्रतियोगिता में 36 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। अंतिम दौर में कड़े मुकाबले के बाद द दून स्कूल देहरादून ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि मेजबान सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में रॉयल ग्लोबल स्कूल और वंदया इंटरनेशनल स्कूल गुवाहाटी, बिशप कॉटन स्कूल और ऑकलैंड हाउस स्कूल शिमला, वसंत वैली स्कूल नई दिल्ली, सेंट जोसेफ अकादमी देहरादून, सेंट जूड्स स्कूल देहरादून, कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी देहरादून, राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज, द दून स्कूल और मेजबान सेंट जॉर्ज कॉलेज की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में प्रतिभागियों के सामने विषय रखा गयाकृ‘दिस हाउस अपोजिज द नैरेटिव ऑफ हैविंग वन ट्रू कॉलिंग एंड पर्पज इन लाइफ’। यानी जीवन में केवल एक ही निश्चित उद्देश्य या लक्ष्य होने की धारणा का विरोध। इस विषय पर प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। उन्होंने जीवन, करियर, व्यक्तिगत पसंद और बदलती परिस्थितियों के संदर्भ में अपने विचार रखे। युवा वक्ताओं की तथ्यपूर्ण दलीलों और आत्मविश्वास ने निर्णायकों के साथ दर्शकों को भी प्रभावित किया। फाइनल राउंड में द दून स्कूल के अभीर कोहली को सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित किया गया। वहीं आर्यमन शिल्सवाल और वसंत वैली स्कूल नई दिल्ली की मिराया सिंह को मोस्ट प्रॉमिसिंग स्पीकर चुना गया।प्रतियोगिता का शुभारंभ सेंट जॉर्ज कॉलेज के उपप्रधानाचार्य ब्रदर सिलवानुस केरकेट्टा, सीनियर को-ऑर्डिनेटर मार्क गोंजाल्विस, कल्चरल को-ऑर्डिनेटर दीपाली बल्लभ और डिबेटिंग सोसाइटी के अध्यक्ष शुभाशीष गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शुभाशीष गुप्ता ने प्रतिभागियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए ब्रदर मास्टरसन और ब्रदर सी.जे. बर्गिन के साहित्यिक योगदान तथा शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को याद किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि ईशान शंकर तिवारी, जो सेंट जॉर्ज कॉलेज के 2011 बैच के पूर्व छात्र और लोकनीति, शासन एवं शिक्षा के विशेषज्ञ हैं, ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने विद्यालय से जुड़ी अपनी यादें साझा करते हुए कहा कि वर्षों बाद उसी मंच पर आकर उन्हें आज भी थोड़ी घबराहट महसूस हो रही है। उन्होंने विद्यालय से मिली शिक्षा के लिए प्रबंधन और शिक्षकों का आभार जताया तथा प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समापन पर उपप्रधानाचार्य ब्रदर सिलवानुस केरकेट्टा ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, विद्यार्थियों और उनके साथ आए शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता का सफल आयोजन प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, उपप्रधानाचार्य ब्रदर सिलवानुस केरकेट्टा, सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो, सीनियर कोऑर्डिनेटर मार्क गोंजाल्विस, अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष स्टॉर्मी हजारिका और उनकी टीम के निर्देशन में किया गया।

