मसूरी में तीन नए वेंडर जोन बनेंगे, 130 हुए सत्यापित स्ट्रीट वेंडर; 5 अगस्त को होगा टीवीसी चुनाव

Blog
 Image


पर्यटन नगरी मसूरी में स्ट्रीट वेंडिंग व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को टाउन हॉल में अधिशासी अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित टाउन वेंडिंग समिति (टीवीसी) की बैठक में तीन नए वेंडर जोन चिन्हित करने, नए वेंडरों को सत्यापित सूची में शामिल करने और टीवीसी के चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप देने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में स्ट्रीट वेंडिंग के लिए प्राप्त नए आवेदनों की समीक्षा की गई। समिति ने आठ नए आवेदनों को सत्यापित सूची में शामिल करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही शहर में कुल सत्यापित स्ट्रीट वेंडरों की संख्या बढ़कर 130 हो गई। समिति का मानना है कि इससे वेंडरों की पहचान सुनिश्चित होगी और उनके अधिकारों के साथ-साथ जिम्मेदारियां भी तय होंगी।
तीन नए वेंडर जोन चिन्हित
शहर में बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए समिति ने तीन नए वेंडर जोन चिन्हित किए हैं। इनमें झील क्षेत्र, किताबघर बस अड्डे के ऊपर तथा कैमल बैक रोड शामिल हैं। इन स्थानों पर नियमानुसार वेंडिंग व्यवस्था विकसित किए जाने की योजना है, जिससे सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से लगने वाली दुकानों पर नियंत्रण के साथ पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भी सुविधा मिल सके।
5 अगस्त को होगा चुनाव
बैठक में टीवीसी में स्ट्रीट वेंडर प्रतिनिधियों के निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की प्रक्रिया को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत 30 जुलाई से 1 अगस्त तक नामांकन पत्र वितरित होंगे। 2 और 3 अगस्त को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 4 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच कर अंतिम सूची जारी की जाएगी। 5 अगस्त को सुबह 11 बजे से मतदान होगा और शाम 5 बजे मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
सदस्य बनने के लिए तय की गईं शर्तें
टीवीसी सदस्यता के लिए समिति ने स्पष्ट पात्रता मानदंड भी तय किए हैं। उम्मीदवार का पालिका से लाइसेंसधारी स्ट्रीट वेंडर होना अनिवार्य होगा। उसके खिलाफ किसी थाना या न्यायालय में कोई मामला दर्ज नहीं होना चाहिए। पालिका अथवा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं किया गया हो, पालिका का कोई कर बकाया न हो तथा स्वयं प्रमाणित शपथ पत्र देना भी अनिवार्य रहेगा।
नगर पालिका परिषद ने सभी पात्र स्ट्रीट वेंडरों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने और सहयोग करने की अपील की है। पालिका का कहना है कि नई व्यवस्था से शहर में स्ट्रीट वेंडिंग अधिक सुव्यवस्थित होगी, यातायात प्रबंधन बेहतर होगा और वेंडरों को भी नियमानुसार कार्य करने का अवसर मिलेगा।