जालौन में सड़क हादसे में 6 की मौत

Blog
 Image

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास हुए इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग अयोध्या में भगवान रामलला के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह भयावह दुर्घटना हो गई। जानकारी के अनुसार ललितपुर जिले के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर अयोध्या गए थे। सोमवार को जब वे वापस लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे-27 पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कार चला रहे ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के समय कार में कुल 10 लोग सवार थे। इनमें से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए 4 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद का मंजर बेहद भयावह था। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना काफी मुश्किल हो गया था। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि हादसा नेशनल हाईवे-27 पर हुआ और सभी मृतक ललितपुर जिले के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर को आई झपकी को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।