मसूरी पिक्चर पैलेस-लंढौर मार्ग पर बैरिकेडिंग को लेकर बवाल, स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने जताया विरोध

Blog
 Image


मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में पिक्चर पैलेस से लंढौर (घंटाघर) जाने वाले मार्ग पर नगर पालिका परिषद द्वारा सड़क किनारे बैरिकेड लगाने के फैसले ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस कदम का स्थानीय लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी कड़ा विरोध शुरू कर दिया है, जबकि पालिका प्रशासन इसे यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में जरूरी कदम बता रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मार्ग पहले से ही बेहद संकरा है और यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में सड़क किनारे बैरिकेडिंग करने से रास्ता और संकरा हो जाएगा, जिससे यातायात और अधिक बाधित होगा। लोगों ने बताया कि माल रोड क्षेत्र में प्रतिबंधित समय के दौरान वाहनों का प्रवेश बंद रहने के कारण यहां रहने वाले लोग अपनी स्कूटी और मोटरसाइकिल इसी मार्ग पर पार्क करते हैं। अब बैरिकेड लगने से उनके लिए पार्किंग की समस्या खड़ी हो जाएगी। वहीं, पर्यटकों को भी इस निर्णय का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। व्यस्त सीजन में इस मार्ग पर आवाजाही अधिक रहती है और यदि सड़क संकरी हुई तो जाम की स्थिति और गंभीर हो सकती है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने पालिका के इस निर्णय को तुगलकी फरमान बताते हुए कहा कि इससे आम जनता और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐतिहासिक लंढौर बाजार पहले से ही व्यापारिक रूप से प्रभावित है और इस तरह के निर्णय स्थिति को और खराब कर सकते हैं। दूसरी ओर, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कदम शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उठाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे अनियंत्रित तरीके से स्कूटी और अन्य वाहनों की पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। बैरिकेडिंग के माध्यम से इसे नियंत्रित किया जाएगा, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके। पालिका अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे को बेवजह राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पालिका का उद्देश्य केवल मसूरी के समग्र विकास और स्थानीय जनता के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर के हित में उठाए जा रहे इस कदम को समझना और समर्थन देना जरूरी है।