आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने को उत्तराखंड सरकार ने पेंशन राशि ट्रांसफर की

Blog
 Image

उत्तराखंड में सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि सीधे हस्तांतरित की। इस पहल से प्रदेशभर के लाखों जरूरतमंदों को समय पर, पारदर्शी और निर्बाध रूप से पेंशन का लाभ मिला है।

सरकारी जानकारी के अनुसार, इस डीबीटी के तहत कुल 9 लाख 47 हजार 335 लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया गया। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा कुल 141 करोड़ 66 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। यह राशि वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और निराश्रित पेंशन जैसी योजनाओं के अंतर्गत दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर, वृद्ध, दिव्यांग और निराश्रित वर्गों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डीबीटी व्यवस्था के लागू होने से बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हुई है और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि भ्रष्टाचार की संभावनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगा है। सीएम धामी ने यह भी कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना जरूरतमंद वर्गों के लिए आर्थिक संबल का कार्य कर रही है। नियमित पेंशन मिलने से लाभार्थियों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिल रही है और उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। सरकार भविष्य में भी तकनीक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम करती रहेगी।