मसूरी में 16वां विशाल रक्तदान शिविर, 150 यूनिट रक्त संग्रह,देवेंद्र उनियाल की पहल बनी जीवनदायिनी

Blog
 Image



समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए समाजसेवी देवेंद्र उनियाल और उनके सहयोगियों द्वारा बुधवार को जय बद्री केदार महिला समूह मसूरी के सहयोग से राधा कृष्ण मंदिर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, महिलाओं और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए करीब 150 यूनिट रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ रोटरी क्लब की सचिव योगिता गोयल, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, शिविर आयोजक देवेंद्र उनियाल और जय बद्री केदार महिला समूह की अध्यक्ष लक्ष्मी उनियाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजक देवेंद्र उनियाल ने बताया कि यह उनका 16वां रक्तदान शिविर है, जो वे पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाना है, ताकि अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में इस अभियान के माध्यम से करीब 500 से अधिक लोगों को रक्त उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश, हरिद्वार, देहरादून और मसूरी सहित आसपास के क्षेत्रों से जब भी रक्त की जरूरत का कॉल आता है, उनकी टीम हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास करती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निस्वार्थ भाव से इस महादान से जुड़ें और अधिक से अधिक रक्तदान करें।

रोटरी क्लब की सचिव योगिता गोयल ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जिसकी कोई कीमत नहीं होती। यह एक ऐसा कार्य है, जिससे किसी का जीवन बचाया जा सकता है। वहीं व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने देवेंद्र उनियाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा लगातार लगाए जा रहे शिविर समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। शिविर में डॉ. आयुषी चौहान, अमन रंधावा, मनीष चोपड़ा, विजय किशोर, सरफराज (हरिद्वार), आकांक्षा चंचल, पूजा भारद्वाज और नेहा भारद्वाज सहित कई युवाओं ने रक्तदान कर समाजसेवा में योगदान दिया।

इस दौरान संजय पुंडीर, तरुण नेगी, सुनील उनियाल, विनोद कंडारी, सुभाष भंडारी, विक्की पुंडीर, रवि उर्फ माटू, प्रदीप कुमार, सौरभ (लक्की), भारत पवार, कमल नेगी, आनंद पवार, मुकेश पवार, मनोज नेगी, संजय नेगी, आशीष भट्ट, सुनील सिलवाल, विजेंद्र पुंडीर, सूरज सिंह रावत, प्रदीप रावत, संदीप रावत, सीता पवार, शमा रावत, मंजू भट्ट, सुनीता शर्मा, मोहन पुंडीर, शाहिद अंसारी, अमन कुरैशी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया।