मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटन सीजन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लाख दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं। शनिवार शाम मसूरी के सबसे व्यस्त गांधी चौक पर टैक्सी स्कूटी संचालकों द्वारा पूरे चौक पर कब्जा किए जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। चौक पर बड़ी संख्या में खड़ी स्कूटियों के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि गांधी चौक से महज कुछ मीटर दूरी पर स्थित लाइब्रेरी चौकी में पुलिस कर्मियों की तैनाती होने के बावजूद चौक पर अव्यवस्था बनी रही। शाम के समय हालात ऐसे रहे कि चौक से वाहनों और पैदल राहगीरों का निकलना तक मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि टैक्सी स्कूटियों के जमावड़े के कारण लगातार जाम लग रहा है, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में इसको लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन में मसूरी की छवि लगातार प्रभावित हो रही है। एक ओर प्रशासन शटल सेवा और ट्रैफिक प्लान लागू करने की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के मुख्य चौक पर ही नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि गांधी चौक पर अवैध रूप से स्कूटियां खड़ी कर सवारियां बैठाई जा रही हैं, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो मसूरी का पर्यटन व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने एसएसपी देहरादून और जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर गांधी चौक से टैक्सी स्कूटियों के जमावड़े को हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पर्यटन नगरी की साख बचाने के लिए प्रशासन को सिर्फ दावे नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर सख्त कार्रवाई करनी होगी।

