पत्रकारों पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, बोले- चौथा स्तंभ को दबाने की कोशिश, मोदी मीडिया को बताया दलाल

Blog
 Image


मसूरी। मसूरी में कांग्रेस पार्टी ने प्रेस वार्ता कर कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेष जोषी द्वारा पत्रकारों के लिए कथित रूप से इस्तेमाल किए गए “टटपूंजी” शब्द पर कड़ा एतराज जताया। कांग्रेस नेताओं ने इसे चौथे स्तंभ का अपमान बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार निष्पक्ष पत्रकारिता को दबाने का प्रयास कर रही है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता और कांग्रेस नेता उपेन्द्र थापली ने कहा कि आज देश और प्रदेश में लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो पत्रकार निष्पक्ष रूप से सरकार और विपक्ष दोनों की खबरें दिखा रहे हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, जबकि “मोदी मीडिया” को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा की मोदी मीडिया दलाल का काम कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे साफ है कि भाजपा सरकार चौथे स्तंभ को भी अपने नियंत्रण में लेना चाहती है।
कांग्रेस नेताओं ने देहरादून के एक पत्रकार पर हुए कथित हमले का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार विरोधी आवाज उठाने वालों को टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों को डराने और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बन चुका है और अब पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। कांग्रेस नेताओं ने जनता से 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को जवाब देने की अपील करते हुए कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के लिए कोई ठोस विकास कार्य नहीं किए। चुनाव नजदीक आते ही शिलान्यास और लोकार्पण की राजनीति शुरू कर दी गई है, लेकिन जनता सब समझ रही है। उन्होंने कहा कि गणेश जोशी का “31 हजार वोटों से जीत” का दावा उनका अहंकार दर्शाता है और इस बार जनता उन्हें करारा जवाब देगी। और उनको 31 हजार से ज्यादा वोटों से हराने का काम करेगी।