भारतीय जनता पार्टी के दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत मसूरी मंडल की दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ बुधवार को होटल विष्णु पैलेस के सभागार में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला और भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी व पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला में पार्टी कार्यकर्ताओं को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और संगठन की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्रों का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी संवाद स्थापित करने के लिए तैयार करना रहा। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि गरीब, किसान, महिला, युवा और श्रमिक वर्ग अधिक से अधिक लाभान्वित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में प्रदेष में विभिन्न दायित्वों को संभाल रहे नेताओं सहित कई पदाधिकारियों ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यशाला में सभी वक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस मौके पर गुड मोहन राणा, विजय विंदवाल, राकेश रावत, मोहन पेटवाल, कुशाल राणा, रणबीर कंडारी, मदनमोहन शर्मा, विजय रमोला, सतीश ढौंडियाल, अनीता सक्सेना, पुष्पा पडियार, अनिल सिंह अन्नु, सहित कई लोग मौजूद थे।

