बरसात में कीचड़ और जलभराव से ग्रामीण परेशान, युवा नेता विनोद राणा बोले- गांव की पहचान बनने वाले प्रवेश द्वार का विकास अब जरूरी
धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सड़ब तल्ला में गांव के मुख्य प्रवेश द्वार के सौंदर्यीकरण और आवागमन को सुगम बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। ग्राम प्रधान कुसुम राणा की ओर से क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार को पत्र भेजकर स्वागत द्वार के समीप टाइल्स एवं सीसी (कंक्रीट) निर्माण कार्य के लिए पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया गया है। इस मांग को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी विधायक से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई ळें ग्राम प्रधान की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि गांव के मुख्य मार्ग पर बने स्वागत द्वार के आसपास अभी भी कच्ची जमीन है। बरसात के दौरान यहां जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गांव में आने वाले लोगों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
स्वागत द्वार गांव की पहचान, अब इसे बेहतर बनाना जरूरी
इस मांग को प्रमुखता से उठाने वाले युवा नेता एवं पूर्व प्रधान प्रतिनिधि विनोद राणा ने कहा कि स्वागत द्वार किसी भी गांव की पहली पहचान होता है। यदि प्रवेश स्थल ही बदहाल हो तो गांव की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण इस स्थान के पक्कीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक यह कार्य नहीं हो पाया। विनोद राणा ने कहा कि बरसात के मौसम में यहां कीचड़ और पानी भर जाने से लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार बुजुर्ग और महिलाएं फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि यहां टाइल्स या सीसी निर्माण हो जाता है तो न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि गांव का सौंदर्य भी बढ़ेगा। उन्होंने विधायक प्रीतम सिंह पंवार से जनहित को प्राथमिकता देते हुए पांच लाख रुपये की धनराशि शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की। उनका कहना है कि यह कार्य ग्रामीणों की वर्षों पुरानी आवश्यकता है और इससे पूरे क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों ने भी रखी विकास की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि गांव का प्रवेश द्वार धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान सबसे अधिक उपयोग में आता है। ऐसे में इस स्थान का व्यवस्थित और आकर्षक होना जरूरी है। उनका मानना है कि पक्का निर्माण होने से बारिश के दौरान होने वाली परेशानियां समाप्त होंगी और गांव की सुंदरता में भी वृद्धि होगी। इस मांग का समर्थन कमल रावत (मंडल उपाध्यक्ष, भाजपा नैनबाग), अरविंद राणा (प्रधान प्रतिनिधि, सड़ब) तथा मोहन सिंह राणा (वन पंचायत सरपंच, सड़ब) सहित अनेक ग्रामीणों ने किया। सभी ने विधायक से जल्द धनराशि स्वीकृत कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

