देशभक्ति के रंग में रंगेगी मसूरी, स्वतंत्रता दिवस को भव्य बनाने की तैयारियां तेज

Blog
 Image


79वें स्वतंत्रता दिवस को ऐतिहासिक और गरिमामय बनाने के लिए नगर पालिका परिषद मसूरी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए समारोह को जनभागीदारी के साथ यादगार बनाने का संकल्प लिया।
पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के बलिदान को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी पूरे शहर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाया जाएगा और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में तय किया गया कि स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत प्रभात फेरी से होगी। इसके बाद विभिन्न सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शहर के प्रमुख स्थल गांधी चौक पर सार्वजनिक ध्वजारोहण समारोह होगा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही मुख्य अतिथि के स्वागत, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, देशभक्ति गीतों तथा स्वतंत्रता सेनानियों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित करने की रूपरेखा भी तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि युवाओं और विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों, नृत्यों और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा प्रस्तुत करेंगे। नगर पालिका ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है। प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा, जबकि पूरे शहर में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और सजावट की जाएगी ताकि मसूरी पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आए। बैठक में पेयजल, विद्युत, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाओं, पार्किंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक से बने राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि लोगों को केवल कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री से बने राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग के लिए जागरूक किया जाए, ताकि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके। बैठक में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, अधिशासी अधिकारी राजेश डोबरियाल, विधायक प्रतिनिधि मोहन पेटवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल, अनुशासित और भव्य बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।