मसूरी। मसूरी शिक्षा का हब है। यहां के प्रतिष्ठित विद्यालयों से शिक्षा प्राप्त कर बच्चे देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। यह मसूरी के लिए गर्व की बात है।” नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने सेंट क्लेयर्स कॉन्वेंट स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ अभिभावकों का जागरूक होना भी जरूरी है, ताकि बच्चे अपनी प्रतिभा पहचानकर जीवन में आगे बढ़ सकें। चर्च ग्राउंड में आयोजित वार्षिकोत्सव में नन्हे विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य और नाटकों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर प्रेमा और प्रबंधक सिस्टर फ्लोरेंस ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद स्वागत गीत और प्रार्थना नृत्य के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि सेंट क्लेयर्स स्कूल में बच्चों की प्रस्तुतियां शानदार रहीं। उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मसूरी के विद्यालयों से पढ़कर निकलने वाले बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। यह सिलसिला आगे भी जारी रहना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
वार्षिकोत्सव में बच्चों ने सालसा नृत्य, गुजराती नृत्य, देशभक्ति नृत्य और हिंदी नाटक प्रस्तुत किए। विद्यालय की संस्थापक मदर सेराफिना के जीवन पर आधारित नाटक के माध्यम से उनके योगदान को याद किया गया। वहीं, ‘यूनिटी ऑफ डायवर्सिटी’ की प्रस्तुति ने विविधता में एकता का संदेश दिया। नशे की लत पर आधारित भावपूर्ण नाटक के जरिए बच्चों ने समाज को नशे से दूर रहने और जागरूकता बढ़ाने की प्रेरणा दी। बच्चों की प्रस्तुतियों ने यह भी दिखाया कि विद्यालयों में शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक समझ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
गांवों से आने वाले बच्चों में भी प्रतिभा की कमी नहींः- प्रधानाचार्या’’
प्रधानाचार्या सिस्टर प्रेमा ने कहा कि यह विद्यालय के लिए खुशी की बात है कि बच्चे पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों से आने वाले बच्चों में भी अपार प्रतिभा है। मेहनत और लगन के साथ शिक्षक तथा अभिभावकों का सहयोग मिले तो वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं और मसूरी, अपने गांव तथा देश का नाम रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में शैक्षणिक गतिविधियों और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सेंट जॉर्ज कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, एमपीएस के प्रधानाचार्य विशाल सिंह, सभासद रुचिता गुप्ता, वार्षिकोत्सव समन्वयक आरती पंवार, राजेश्वरी थपलियाल, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, मोहन नेगी और रविकांत उनियाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थी और अतिथि मौजूद रहे।

