राहत भी, सख्ती भी, तूफान पीड़ित पटरी व्यापारियों को मुआवजा, मॉल रोड पर हंगामा करने वालों पर शिकंजा

Blog
 Image


मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में एक ओर नगर पालिका परिषद ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित छोटे व्यापारियों को आर्थिक राहत देकर संवेदनशीलता दिखाई है, वहीं दूसरी ओर मॉल रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पालिका कर्मियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पालिका प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि कानून-व्यवस्था और शहर की सुंदरता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
तूफान और ओलावृष्टि से प्रभावित व्यापारियों को मिली राहत
हाल ही में मसूरी क्षेत्र में आए भीषण तूफान और ओलावृष्टि ने कई छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर गहरा असर डाला था। विशेष रूप से मसूरी झील और होटल दर्पण के आसपास पटरी पर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। कई व्यापारियों का सामान खराब हो गया, जबकि कुछ के अस्थायी ढांचे भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। इन प्रभावित व्यापारियों की समस्याओं को देखते हुए नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी नें राहत राशि का वितरण किया गया। पालिका प्रशासन के अनुसार कपड़ों का व्यवसाय करने वाले प्रभावित व्यापारियों को 15 हजार रुपये तथा अन्य सामान बेचने वाले व्यापारियों को 8 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। व्यापारियों ने इस सहायता के लिए पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने व्यवसाय को दोबारा पटरी पर लाने में मदद मिलेगी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हुआ था विवाद
दूसरी ओर, 20 जून  की रात नगर पालिका द्वारा मॉल रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान कुछ लोगों द्वारा पालिका कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ कथित अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद ने संबंधित व्यक्ति संजय टम्टा के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज करा दी है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वायरल वीडियो से हो रही अन्य आरोपियों की पहचान
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो अब जांच का अहम आधार बन गए हैं। पालिका प्रशासन ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने अभियान के दौरान हंगामा किया या सरकारी कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की। पहचान पूरी होते ही ऐसे लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि किसी भी दोषी को कानून के दायरे से बाहर नहीं रहने दिया जाएगा।
अवैध फड़-फेरी और लाइसेंस निरस्तीकरण की तैयारी
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वीडियो में दिखाई दे रहे कुछ लोग मॉल रोड और किताबघर चौक जैसे संवेदनशील पर्यटन क्षेत्रों में अनाधिकृत रूप से सामान बेचते हुए दिखाई दे रहे हैं। पालिका प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर पालिका के अनुसार जिन व्यक्तियों को पालिका द्वारा लाइसेंस जारी किए गए थे और जो नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी। प्रशासन का मानना है कि पर्यटन नगरी की पहचान और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का पालन आवश्यक है।
शहर के सौंदर्यकरण और व्यवस्था पर पालिका का फोकस
न्गर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि मसूरी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि मॉल रोड और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अवैध कब्जे, अनियंत्रित फड़-फेरी और अव्यवस्था से पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है। उन्होने कहा कि एक ओर जरूरतमंद और आपदा प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की जाएगी, वहीं दूसरी ओर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी जारी रहेगी।