उत्तराखंड सरकार की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने की मुहिम के तहत सोमवार को मसूरी के पिक्चर पैलेस चौक पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने स्थानीय लोगों को विभिन्न प्रजातियों के 1500 फलदार पौधे वितरित किए। इस दौरान उद्यान विभाग ने लोगों को उन्नत किस्म के बीज, खाद और बागवानी से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, किसान, महिलाएं और युवा शामिल हुए। लोगों ने फलदार पौधे लेकर अपने घरों और खेतों में रोपण का संकल्प लिया। गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने इस वर्ष पूरे प्रदेश में 10 लाख फलदार पौधे वितरित करने का लक्ष्य रखा है। इसी अभियान के तहत मसूरी में 1500 पौधों का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पौधे बांटना नहीं, बल्कि लोगों को फल उत्पादन, पोषण और अतिरिक्त आय से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इससे पहले कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत किस्म के मटर के बीज भी उपलब्ध कराए गए थे ताकि किसान बेहतर उत्पादन कर सकें। साथ ही लोगों को घरों के आसपास सब्जियां उगाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे परिवारों की जरूरतें स्थानीय स्तर पर पूरी हों और उनकी आय में भी वृद्धि हो। मंत्री ने कहा कि पलायन उत्तराखंड की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। यदि गांवों में खेती, बागवानी और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो लोग अपने गांवों में रहकर ही सम्मानजनक आजीविका कमा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि और उद्यान विभाग लगातार नए प्रयोग कर रहा है ताकि किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ा जा सके और उनकी आय बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार पारंपरिक खेती के साथ-साथ फल उत्पादन, सब्जी उत्पादन और उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा दे रही है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक सवालों पर भी गणेश जोशी ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार विभिन्न माध्यमों से उन्हें और सरकार को घेरने का प्रयास कर रहा है, लेकिन मसूरी की जनता उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा में विपक्ष का कोई प्रभाव नहीं है और जनता विकास कार्यों के आधार पर सरकार का समर्थन कर रही है। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर गणेश जोशी ने कहा कि उनका मुकाबला किसी विपक्षी दल से नहीं बल्कि खुद अपने पिछले प्रदर्शन से है। उन्होंने कहा कि पिछली बार मिले जनसमर्थन और जीत के प्रतिशत को और अधिक बढ़ाना ही उनका लक्ष्य है। इसके लिए लगातार विकास कार्यों, जनसंपर्क और जनता की समस्याओं के समाधान पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि उत्तराखंड के गांवों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। यदि खेती और बागवानी को लाभकारी बनाया जाए तो पलायन जैसी गंभीर समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, गुड मोहन राणा, विजय विंदवाल, कुशाल राणा, धनप्रकाश अग्रवाल,सचिन पवार सहित कई लोग मौजूद थे।

