मसूरी। राष्ट्रीय खेल दिवस पर पहाड़ों की रानी मसूरी में हॉकी का रोमांच शुरू हो गया। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में मसूरी पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। उद्घाटन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों में उत्साह भर दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मसूरी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य विशाल सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले करीब दस वर्षों से इस प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय के खेल मैदान में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों के लिए सीखने और आगे बढ़ने का बड़ा मंच भी हैं।
प्रधानाचार्य विशाल सिंह ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले अनुभवी खिलाड़ियों के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को खेलने और उन्हें करीब से देखने का अवसर मिलता है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को नई तकनीक और खेल की बारीकियां सीखने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजनों की निरंतरता बेहद जरूरी है।
27 साल से राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी का आयोजन
मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने बताया कि एसोसिएशन पिछले 27 वर्षों से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता में सीनियर बालिका वर्ग में देश के विभिन्न हिस्सों से टीमें पहुंची हैं। इसके अलावा सीनियर बालक, जूनियर बालक-बालिका और सब-जूनियर बालक वर्ग में भी मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
उद्घाटन मुकाबलों में टीमों ने दिखाया दमखम
सीनियर बालिका वर्ग के मुकाबलों में एसवाईएम यमुनानगर ने एमडी हॉकी हल्द्वानी को 4-1 से हराया। बरिसा कोलकाता ने यंग वुमेन रामनगर को 2-1, यमुनानगर हरियाणा ने मुंबई को 2-0, अमृतसर पंजाब ने पटना बिहार को 7-0, स्टील प्लांट भिलाई ने रामपुर उत्तर प्रदेश को 9-0 से शिकस्त दी।
वहीं खालसा कोलकाता ने बरेली उत्तर प्रदेश को 5-2 से हराया। स्टील प्लांट भिलाई ने रोशन हॉकी पटना को 12-0 से करारी शिकस्त दी। अमृतसर ने पटना को 3-0 से हराकर प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत की।
जूनियर बालक वर्ग में मसूरी पब्लिक स्कूल ने वाइनबर्ग एलन स्कूल को लगातार दो मुकाबलों में 2-0 और 3-0 से हराया। जूनियर बालिका वर्ग में वाइनबर्ग एलन और मसूरी पब्लिक स्कूल के बीच मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।
इस अवसर पर एमएसए अध्यक्ष सूरत सिंह रावत, महासचिव सौरभ सोनकर, रूपचंद, बीएस नेगी, सुरेश गोयल, अनुज तायल, बिजेंद्र पुंडीर, जगबीर भंडारी, अजय भंडारी, साहिल सोनकर, मिजान सिंह, अनिल गोयल, विजय जुगराण सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।

