मसूरी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मसूरी पब्लिक स्कूल के मैदान में चल रही मेजर ध्यानचंद सिक्स-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने मैदान पर दमखम दिखाया। तेज रफ्तार खेल और गोलों की बरसात के बीच खालसा हॉकी कोलकाता का दबदबा देखने को मिला। टीम ने रॉक ब्लू को 18-0 से हराकर दिन की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्गों के मुकाबले खेले जा रहे हैं। सीनियर बालिका वर्ग में खालसा कोलकाता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉक ब्लू के खिलाफ शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने लगातार गोल करते हुए मुकाबला 18-0 से अपने नाम किया। इसके बाद खालसा ने मानसी हॉकी मुंबई को 3-0 और यमुनानगर हरियाणा को 1-0 से हराकर अपनी मजबूत स्थिति कायम रखी। अन्य मुकाबलों में बरेली उत्तर प्रदेश ने रॉक ब्लू को 11-0 से हराया। स्टील प्लांट भिलाई ने बरीसा कोलकाता को 9-1 से शिकस्त दी। खालसा अमृतसर ने यंग वुमैन रामनगर को 7-0 से हराया। एमडी हॉकी हल्द्वानी ने रॉक ब्लू को 7-0 और बरेली को 3-0 से पराजित किया। यंग वुमैन रामपुर ने रोशन हॉकी पटना को 3-0, बरीसा कोलकाता ने रोशन हॉकी पटना को 3-1 और मुंबई हॉकी ने रॉक ब्लू को 3-0 से हराया। यमुनानगर हरियाणा ने बरेली उत्तर प्रदेश को 8-1 से शिकस्त दी। सिक्स-ए-साइड प्रारूप में मैदान छोटा होने के कारण खिलाड़ियों को कम समय में आक्रमण और रक्षण के बीच तालमेल बनाना पड़ा। तेज पासिंग, ताबड़तोड़ हमले और गोल करने के लगातार प्रयासों ने मुकाबलों को रोमांचक बनाए रखा। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में सीनियर बालक, जूनियर बालक-बालिका और सब-जूनियर वर्ग के मुकाबले भी खेले जा रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता का उद्देश्य मेजर ध्यानचंद की खेल भावना को आगे बढ़ाने के साथ युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत, सचिव सौरभ सोनकर, रूपचंद, सुरेश गोयल, बीएस नेगी, राजेंद्र शाह, बिजेंद्र पुंडीर, साहिल सोनकर, अनुज तायल, अनिल गोयल, मिजान सिंह, परविंदर रावत, अथर्व गंगा और समीर रैना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

