देशभक्ति की धुन पर झूमी मसूरी, प्रतिभा के रंग में ‘मसूरी गर्ल्स’ ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी

Blog
 Image

 

स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर टाउन हाल में सजे सांस्कृतिक मंच पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, पालिकाध्यक्ष बोलीं- पूरे साल इस मंच का इंतजार करते हैं बच्चे

मसूरी। स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर मसूरी के टाउन हाल में देशभक्ति, लोक संस्कृति और बच्चों की प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में नगर पालिका परिषद और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित देशभक्ति सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। कार्यक्रम का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मंच पर देशभक्ति गीतों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि कई कार्यक्रमों में पेशेवर कलाकारों जैसी झलक दिखाई दी। प्रस्तुतियों के पीछे विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों की मेहनत भी साफ नजर आई।

तीन वर्गों में बच्चों ने दिखाया दम

प्रतियोगिता के सब-जूनियर वर्ग में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ने प्रथम, मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज ने द्वितीय और सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज ने तृतीय स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग की देशभक्ति सांस्कृतिक प्रतियोगिता में मसूरी गर्ल्स प्रथम, महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर द्वितीय और सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज तृतीय रहा। जूनियर वर्ग लोकनृत्य में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ने बाजी मारी, जबकि मानव भारती और मसूरी गर्ल्स संयुक्त रूप से दूसरे तथा सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। सीनियर वर्ग में भी मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज ने पहला स्थान हासिल किया। महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर दूसरे और आरएन भार्गव इंटर कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। विभिन्न वर्गों में लगातार बेहतर प्रदर्शन के आधार पर मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज को ओवरऑल विजेता घोषित किया गया।

बच्चों के लिए सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, सालभर की मेहनत का मंच

पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर होने वाला यह सांस्कृतिक मंच मसूरी के बच्चों के लिए खास महत्व रखता है। बच्चे पूरे वर्ष इस आयोजन का इंतजार करते हैं और इसके लिए तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी में बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें मंच देने के अवसर सीमित हैं। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए महत्वपूर्ण मंच बन गया है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन की सराहना की।

देशभक्ति के साथ लोक संस्कृति भी बनी आकर्षण

कार्यक्रम में प्रतियोगिताओं के अलावा जुड़ो-कराते और तिब्बती सांस्कृतिक लोकनृत्य की विशेष प्रस्तुतियां भी हुईं। इससे कार्यक्रम में देशभक्ति के साथ मसूरी की बहुरंगी सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिली। प्रतियोगिता में देहरादून से पहुंचे पद्मश्री जगदीश बावला, पूर्व सैन्य अधिकारी अरुण भट्ट और डा. माया सक्सेना ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

इस अवसर पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, सभासद पवन थलवाल, शिवानी भारती, गौरी थपलियाल, रणवीर कंडारी, सचिन गुहेर, अमित भट्ट, गौरव गुप्ता, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महामंत्री जगजीत कुकरेजा, नागेंद्र उनियाल, शिव अरोड़ा, मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत, महासचिव सौरव सोनकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और दर्शक मौजूद रहे।