मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी अब केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि फिटनेस और खेल गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रही है। आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने जा रहे मसूरी अल्ट्रा के दूसरे संस्करण में 900 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी इस दिशा में बढ़ते उत्साह को दर्शा रही है। आयोजन को केवल दौड़ प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए युवाओं और स्थानीय लोगों को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में रविवार को द फर्न ब्रेंटवुड रिसॉर्ट, सीरीज बाय मैरियट में टीम हाइब्रिड फिटनेस चौलेंज आयोजित किया गया, जिसमें 11 से 35 वर्ष तक के धावकों और फिटनेस प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एक घंटे तक चले इस अनूठे फिटनेस चौलेंज में दौड़, फंक्शनल एक्सरसाइज और मनोरंजक खेलों का संयोजन देखने को मिला। प्रतिभागियों ने व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ टीमों में मिलकर अपनी ताकत, सहनशक्ति, तालमेल और कार्यक्षमता का प्रदर्शन किया। पारंपरिक व्यायाम से अलग इस गतिविधि ने युवाओं को फिटनेस का नया अनुभव दिया।
फिटनेस को सिर्फ दौड़ तक सीमित रखना उद्देश्य नहीं:- संदीप साहनी
आयोजन से जुड़े संदीप साहनी ने बताया कि मसूरी अल्ट्रा के माध्यम से शहर में फिटनेस को एक व्यापक जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उनका उद्देश्य लोगों को केवल दौड़ने के लिए प्रेरित करना नहीं, बल्कि उन्हें शारीरिक गतिविधियों के विभिन्न रूपों से जोड़ना भी है। टीम चौलेंज, फंक्शनल वर्कआउट और आउटडोर गेम्स के माध्यम से फिटनेस को रोचक बनाया जा सकता है। इससे युवाओं में अनुशासन, सहनशक्ति, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है।उन्होंने कहा कि आज की जीवनशैली में शारीरिक गतिविधियों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को मोबाइल और निष्क्रिय दिनचर्या से बाहर निकलकर खेल और व्यायाम की ओर आकर्षित करने में मदद मिलती है। मसूरी में फिटनेस और खेलों की संस्कृति विकसित करना इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
900 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी से बढ़ा आयोजन का उत्साह
29 नवंबर को होने वाले मसूरी अल्ट्रा के दूसरे संस्करण को लेकर शहर में उत्साह बढ़ रहा है। 900 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी इस आयोजन को व्यापक स्वरूप दे रही है। आयोजकों का प्रयास है कि इसमें स्थानीय नागरिकों के साथ अन्य क्षेत्रों से आने वाले धावकों की भी सक्रिय भागीदारी हो और मसूरी को फिटनेस एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में पहचान मिले। इससे पहले 15 नवंबर को आयोजित तीन और पांच किलोमीटर की प्रमोशनल रन में 60 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया था। वहीं रविवार को आयोजित हाइब्रिड फिटनेस चौलेंज इस श्रृंखला की दूसरी गतिविधि रही। इस दौरान प्रतिभागियों ने आगामी मसूरी अल्ट्रा के लिए पंजीकरण भी कराया।
कोच साहिल यश ने कराया फिटनेस चौलेंज
कार्यक्रम का संचालन कोच साहिल यश ने किया, जबकि प्रताप सिंह कंडारी ने सहयोग दिया। मसूरी क्रॉसफिट और मसूरी माइल्स से जुड़े प्रतिभागियों ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी की। इस अवसर पर शिवानी, रमेश, शोएब, मनन, पुनीत और संदीप सहित कई फिटनेस प्रेमी मौजूद रहे। मुख्य आयोजक गंगा शिंगल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में द फर्न ब्रेंटवुड रिसॉर्ट, सीरीज बाय मैरियट ने सहयोग किया। आयोजन को उत्तराखंड पर्यटन विभाग, जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों तथा नगर पालिका परिषद मसूरी का भी सहयोग प्राप्त है। आयोजकों के अनुसार, मसूरी अल्ट्रा के माध्यम से शहर में खेल और फिटनेस की संस्कृति को मजबूत करने के साथ स्थानीय लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 29 नवंबर को होने वाले मुख्य आयोजन से पहले इस तरह की गतिविधियां प्रतिभागियों में उत्साह बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को खेलों से जोड़ने का माध्यम बन रही हैं।

