govt-ads

महिला हिंसा के खिलाफ मसूरी की सड़कों पर उतरी मातृशक्ति, 55 छात्र-छात्राओं ने भी बुलंद की आवाज

Blog
 Image


मसूरी। महिलाओं के खिलाफ हिंसा केवल शारीरिक उत्पीड़न तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और कार्यस्थल पर शोषण भी इसके गंभीर रूप हैं। इन सभी के खिलाफ समाज को जागरूक करने और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से रविवार को मसूरी में मातृशक्ति ने एकजुटता का संदेश दिया। अखिल भारतीय महिला परिषद (एआईडब्ल्यूसी) की मसूरी शाखा की ओर से श्जीरो वॉयलेंस अगेंस्ट वुमेनश् अभियान के तहत साइलेंट वॉक आयोजित की गई। इसमें तीन विद्यालयों के करीब 55 छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न संगठनों की महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर महिला हिंसा के खिलाफ आवाज बुलंद की। शहीद स्थल झूलाघर से शुरू हुई साइलेंट वॉक अंबेडकर चौक होते हुए वापस शहीद स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। वॉक के माध्यम से प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार की हिंसा स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए और इसके खिलाफ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी और भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम संयोजिका कमल शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय महिला परिषद के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संयुक्त राष्ट्र से जुड़े अभियान के तहत देशभर की 550 शाखाओं में एक साथ यह साइलेंट वॉकथोन आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा के कई ऐसे रूप हैं, जिन्हें अक्सर सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। मानसिक उत्पीड़न, अपमान, भेदभाव और कार्यस्थल पर शोषण भी हिंसा की श्रेणी में आते हैं। महिलाओं को इन परिस्थितियों के प्रति जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी चाहिए। इसके लिए शिक्षा और आत्मनिर्भरता बेहद जरूरी है। संस्था की अध्यक्ष भरोसी रावत ने कहा कि जब तक महिलाएं स्वयं सक्षम और जागरूक नहीं होंगी, तब तक अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए प्रभावी ढंग से खड़ी नहीं हो पाएंगी। महिलाओं को अत्याचार सहने के बजाय उसके खिलाफ कदम उठाना होगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए शिक्षा, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण हैं। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि अखिल भारतीय महिला परिषद की ओर से महिला हिंसा के खिलाफ साइलेंट वॉक आयोजित करना सराहनीय पहल है। इसमें बालिकाओं की भागीदारी विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि मसूरी की मातृशक्ति सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहती है, लेकिन जब महिलाओं के खिलाफ हिंसा या उत्पीड़न की घटनाएं होती हैं तो कई बार समाज चुप्पी साध लेता है। घरेलू हिंसा से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर बेटियों के साथ होने वाली छेड़छाड़ तक के मामलों में एकजुट होकर विरोध करना जरूरी है। महिलाओं को संगठित होकर इस दिशा में लगातार काम करना होगा। इस आयोजन की खास बात तीन विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता रही। सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज, मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के करीब 55 छात्र-छात्राओं ने वॉक में शामिल होकर महिला सम्मान और सुरक्षित समाज का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को भी यह समझाने का प्रयास किया गया कि महिलाओं की सुरक्षा केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का संचालन अनिल सिंह अन्नू ने किया। इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, संस्था की उपाध्यक्ष आशा गुप्ता, सचिव गीतू मनचंदा, कोषाध्यक्ष उषा धनाई, कार्यकारिणी सदस्य किरण त्रिपाठी, रजनी एकांत, मीरा गुप्ता, अनीता सक्सेना, हरजिंदर वढेरा, शिक्षिका सीमा बधानी, अदिति कैरवान, सुनीता पंत ढौंडियाल, नताशा, रवीना सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और शहर के नागरिक मौजूद रहे।