कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रस्तावित मसूरी दौरा गुरुवार को खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते उनका उत्तराखंड दौरा अंतिम समय में निरस्त होने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी मायूसी देखने को मिली। राहुल गांधी के स्वागत के लिए मसूरी पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी धीरे-धीरे वापस लौटना शुरू कर दिया।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर मसूरी सहित पूरे उत्तराखंड क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह था। नगर के प्रमुख स्थानों पर पोस्टर, बैनर और स्वागत होर्डिंग लगाए गए थे। कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही उनके आगमन की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन मौसम के अचानक बिगड़ने से सभी कार्यक्रम रद्द करने पड़े।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुशांत मिश्रा ने बताया कि राहुल गांधी का उत्तराखंड का दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित था। इस दौरान उनका पौड़ी से लेकर गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात करने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने का कार्यक्रम था। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी पंतनगर पहुंचे थे, लेकिन खराब मौसम और उड़ान सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने आगे हेलीकॉप्टर उड़ाने से मना कर दिया। इसके चलते उत्तराखंड में निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द करने पड़े।
सुशांत मिश्रा ने कहा कि दौरा निरस्त होने से कार्यकर्ताओं में निराशा जरूर है, लेकिन राहुल गांधी के प्रति लोगों का उत्साह और समर्थन कम नहीं हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी निकट भविष्य में फिर उत्तराखंड आएंगे और कार्यकर्ताओं व जनता से सीधे संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार देशभर में यात्राओं और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को वह लगातार उठा रहे हैं। यही कारण है कि उनके कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
उत्तराखंड कांग्रेस में अंदरूनी कलह के सवाल पर सुशांत मिश्रा ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और किसी प्रकार का कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी की चर्चाएं केवल राजनीतिक अफवाहें हैं। पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता एक मंच पर खड़े होकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर हर क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की गई थीं। इससे साफ है कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
सुशांत मिश्रा ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव किसी एक चेहरे के आधार पर नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और सामूहिक नेतृत्व के आधार पर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने संगठन की ताकत और जनता के समर्थन के बल पर चुनाव मैदान में उतरेगी तथा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
राहुल गांधी का दौरा भले ही मौसम के कारण स्थगित हो गया हो, लेकिन उनके आगमन को लेकर जिस प्रकार का उत्साह कार्यकर्ताओं और समर्थकों में देखने को मिला, उसने प्रदेश में कांग्रेस की सक्रियता और संगठनात्मक तैयारी की झलक जरूर दिखा दी।

