पालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक, स्थानीय कलाकारों, संस्कृति, खेल और पहाड़ी व्यंजनों को बनाया जाएगा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में एक बार फिर शहर के प्रसिद्ध शरदोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी शरदोत्सव के आयोजन को लेकर बुधवार को नगर पालिका सभागार में पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष शरदोत्सव का आयोजन छह से 10 अक्टूबर तक पांच दिनों के लिए किया जाएगा। बैठक में महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए आठ समितियों का गठन किया गया। इनमें कोर कमेटी, सांस्कृतिक समिति, खेल समिति, स्वागत समिति, आवास एवं भोजन समिति, प्रचार-प्रसार समिति, वित्त समिति और व्यवस्था समिति शामिल हैं। बैठक में पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि शरदोत्सव मसूरी की सांस्कृतिक पहचान के साथ पर्यटन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। इसलिए आयोजन की गरिमा और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी समितियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से शरदोत्सव के शुभारंभ पर निकलने वाली शोभायात्रा को भव्य बनाने पर जोर दिया। शोभायात्रा में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता देने की बात कही गई। इस बार शरदोत्सव में स्थानीय कलाकारों, संस्कृति कर्मियों और खिलाड़ियों को विशेष मंच देने पर जोर दिया गया है। इसके अलावा पहाड़ी खान-पान और स्थानीय व्यंजनों को भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण बनाने की योजना है। पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि आयोजन का मुख्य केंद्र मसूरी की अपनी संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाएं होनी चाहिए, ताकि शरदोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और कारोबारियों को भी अवसर मिल सके। बैठक में सभी गठित समितियों को अगले दो से तीन दिनों के भीतर अपनी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। छह सितंबर को दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी समितियां अपनी-अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करेंगी। महोत्सव के आयोजन को वित्तीय रूप से मजबूत बनाने के लिए फंड कलेक्शन की ठोस रणनीति तैयार करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा शरदोत्सव की आधिकारिक थीम, लोगो और ऑटम समिति के आधिकारिक लेटरहेड को जल्द अंतिम रूप देने का निर्णय लिया गया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और सदस्यों ने शरदोत्सव को सफल और यादगार बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करने का संकल्प लिया। आयोजन समिति का जोर इस बात पर है कि पांच दिवसीय महोत्सव केवल पर्यटकों के मनोरंजन तक सीमित न रहे, बल्कि मसूरी की संस्कृति, कला, खेल, स्थानीय खानपान और प्रतिभाओं को व्यापक मंच उपलब्ध कराने का माध्यम बने। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, शिवानी भारती, गौरी थपलियाल, अमित भट्ट, पवन थलवाल, सचिन गुहेर, विशाल खरोला, पंकज खत्री, नरेश प्रताप, संजय अग्रवाल, अजय भार्गव, सुरेन्द्र रावत, विजय विंदवाल, रूपचंद गुरुजी, रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, राजेन्द्र रावत, अनिल गोदियाल सहित कई लोग मौजूद थे।

