मसूरी में सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज ने पूरी मानवता को एक ईश्वर, आपसी भाईचारे, प्रेम, समानता और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध करते हुए सभी मनुष्यों को एक समान बताया। गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं के तीन प्रमुख सिद्धांत नाम जपो, किरत करो और वंड छको आज भी समाज को एकता और सद्भाव की राह दिखा रहे हैं। उनके 557वें महान प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को पहाड़ों की रानी मसूरी में श्रद्धा और उल्लास के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में मसूरी के लंढौर बाजार, गांधी चौक और लाइब्रेरी चौक स्थित गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। गुरुद्वारों को आकर्षक ढंग से सजाया गया और सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। गुरुवाणी और शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान किया गया। कीर्तन मंडल की ओर से प्रस्तुत मधुर शबदों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गांधी चौक स्थित गुरुद्वारे में शाम सात बजे विशेष कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आतिशबाजी का आयोजन भी किया गया। वहीं लंढौर गुरुद्वारे में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर गुरु नानक देव जी को नमन किया गया। इस मौके पर पालिका सभासद जसबीर कौर ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व हमें उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। गुरु महाराज ने हमेशा मानवता की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और सभी धर्मों के प्रति सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करने के लिए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाना बेहद जरूरी है। प्रकाश पर्व जैसे आयोजन नई पीढ़ी को भी अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। कीर्तन मंडल के सदस्यों ने कहा कि गुरु नानक देव जी की वाणी संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने हमेशा मानवता को सर्वाेपरि रखते हुए सत्य, सेवा और सद्भाव का रास्ता दिखाया। कीर्तन मंडल ने गुरुवाणी के माध्यम से संगत को गुरु महाराज की शिक्षाओं से जुड़ने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इस मौके पर सुरेश सिंह उपेंद्र सिंह गुरचरण सिंह इंद्रजीत सिंह गुरु चरण सिंह मनचंदा कमलदीप सिंह सचिन भूपेंद्र सिंह रमोला जी हरीश कलर गुरमीत कौर पल्लवी संदीप सिंह सतवंत सिंह संजय सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।

