मसूरी। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर मसूरी कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत का शिल्पकार बताते हुए देश के विकास, तकनीकी क्रांति और युवाओं को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी की सोच दी। कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति के माध्यम से भारत को आधुनिक दिशा देने का श्रेय उन्हें जाता है। उन्होंने पंचायतों को मजबूत करने, युवाओं को राजनीति में अवसर देने और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। वक्ताओं ने कहा कि आज भी देश उनके विजन और विचारों को याद करता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी का मसूरी से भी विशेष लगाव रहा। वह अक्सर मसूरी आते थे और यहां के लोगों से आत्मीय संबंध रखते थे। उनके दौरों के दौरान स्थानीय लोगों में खास उत्साह देखने को मिलता था। नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने उत्तराखंड और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को लेकर भी गंभीर सोच रखी थी। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा करते हुए कहा कि आज जरूरत राजीव गांधी की सोच और विकास मॉडल को आगे बढ़ाने की है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे जनहित के मुद्दों को लेकर मजबूती से जनता के बीच जाएं और पार्टी संगठन को मजबूत करें। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में शिक्षा, सूचना तकनीक और संचार व्यवस्था को नई पहचान दिलाई। उनके कार्यकाल में शुरू की गई कई योजनाओं का लाभ आज भी देश को मिल रहा है। नेताओं ने कहा कि युवाओं और गरीबों के उत्थान के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, महेश चंद, जसबीर कौर, नागेन्द्र उनियाल,वसीम खान, सोरभ सोनकर, रूबीना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

