govt-ads

मसूरी पानी वाले बैंड पर डीएम ने परखी सड़क की हालत, स्थायी समाधान की कवायद तेज

Blog
 Image


भूस्खलन के कारणों की होगी वैज्ञानिक जांच, विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद तैयार होगा क्षेत्र के ट्रीटमेंट का प्लान

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग के पानी वाले बैंड पर भारी भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क के स्थायी समाधान को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने एसडीएम मसूरी राहुल आनंद के साथ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सड़क की स्थिति और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण का ठोस प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सड़क निर्माण के साथ ही फिलहाल यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त हिस्से में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने और यातायात संचालन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त करने को कहा।
गौरतलब है कि हाल में लगातार बारिश के बीच पानी वाले बैंड पर भारी भूस्खलन होने से मसूरी-देहरादून मार्ग का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही लोगों की आवाजाही में भी परेशानी बढ़ गई थी। फिलहाल सड़क को दोबारा तैयार करने का काम शुरू किया जा रहा है। डीएम आशीष चौहान ने कहा कि केवल सड़क की मरम्मत करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह पता लगाना भी जरूरी है कि क्षेत्र में बार-बार भूस्खलन क्यों हो रहा है। इसके लिए वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम से प्रभावित क्षेत्र का अध्ययन कराया जाएगा। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर पूरे क्षेत्र के स्थायी ट्रीटमेंट की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
प्रशासन का जोर इस बार सड़क को सिर्फ अस्थायी रूप से खोलने के बजाय भूस्खलन की मूल वजह का समाधान करने पर है, ताकि बरसात के दौरान बार-बार सड़क बंद होने और यात्रियों को होने वाली परेशानी से स्थायी राहत मिल सके।