निर्माणाधीन भवन में चल रहे रेस्टोरेंट के कचरे और शौचालय की व्यवस्था पर भी उठे सवाल, पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए’’
पर्यटन नगरी मसूरी के लाल टिब्बा क्षेत्र में गांव की ओर जाने वाला एकमात्र रास्ता कथित अतिक्रमण और मलबे के ढेर के कारण ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक दुकानदार द्वारा निर्माण कार्य कराने के दौरान सड़क पर मलबा डाल दिया गया है। वहीं, निर्माणाधीन भवन में संचालित रेस्टोरेंट से निकलने वाले कचरे और शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने से क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी बढ़ रही है। ग्रामीणों की शिकायत पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, लाल टिब्बा से कोल्टी मवाना, लेदुर, कांडा गांव की ओर जाने वाला रास्ता क्षेत्र के लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है। सड़क पर मलबा जमा होने से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मलबा नहीं हटाया गया और रास्ता खाली नहीं कराया गया, तो परेशानी और बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित भवन में रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा है, जहां कर्मचारी काम करते हैं, लेकिन उनके लिए शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं है। आरोप है कि कर्मचारी सड़क किनारे जंगल की ओर शौच के लिए जाते हैं, जिससे आसपास गंदगी फैल रही है। रेस्टोरेंट से निकलने वाले कचरे को भी गांव की ओर फेंके जाने की शिकायत की गई है। इससे क्षेत्र में दुर्गंध फैलने के साथ स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय ग्रामीण विक्रम पंवार, राम पंवार, अरविंद, नागेंद्र, सुनील और सुरेंद्र ने बताया कि वे लंबे समय से इस समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिली। ग्रामीणों ने पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी से मुलाकात कर रास्ता खाली कराने और गंदगी की समस्या का समाधान करने की मांग की।
पालिका अध्यक्ष बोलीं- रास्ते पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा
पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क पर पड़े मलबे और कथित अतिक्रमण के मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छावनी परिषद क्षेत्र की ओर जाने वाला यह रास्ता नगर पालिका के अधीन है। इस पर किसी भी तरह का अतिक्रमण या कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सड़क को खाली कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि लाल टिब्बा में संबंधित निर्माण को लेकर मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस संबंध में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। साथ ही, दुकानदार को क्षेत्र में गंदगी नहीं फैलाने और कर्मचारियों के लिए अपने परिसर के भीतर शौचालय सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने के संबंध में नोटिस देने की बात कही। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि नगर पालिका की कार्रवाई से रास्ते पर जमा मलबा हटेगा और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी। हालांकि, मौके पर अतिक्रमण की स्थिति, कचरा निस्तारण और शौचालय व्यवस्था को लेकर संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

