मसूरी विधानसभा की सड़कों पर सख्त हुए गणेश जोशी, मोतीलाल नेहरू मार्ग की बदहाल स्थिति पर जताई नाराजगी, 16 मई से पहले मरम्मत पूरी करने के निर्देश

Blog
 Image


मसूरी विधानसभा क्षेत्र में खराब सड़कों और लंबित मोटर मार्ग कार्यों को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा लिया और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मंत्री ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत क्यारा-धनौल्टी मार्ग, गढ़-बुरांसखंडा मार्ग, मोटीधार-मसराना, लोहारीगढ़, कोठियाना, छोटी छमरौली से डोमकोट, विलासपुर कांडली और अनारवाला-मालसी मार्ग समेत देहरादून के विभिन्न वार्डों में चल रहे सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही गजियावाला, अमन विहार और धोरण पुल की स्थिति की भी जानकारी ली गई। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन सड़कों के निर्माण और सुधारीकरण कार्य लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए ताकि बरसात और पर्यटन सीजन के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में सबसे ज्यादा नाराजगी मंत्री ने मसूरी के मोतीलाल नेहरू मार्ग की जर्जर हालत को लेकर जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क की मरम्मत तत्काल शुरू कर 16 मई से पहले पूरा कर लिया जाए। मंत्री ने कहा कि वह स्वयं 16 मई को मौके पर पहुंचकर मार्ग का निरीक्षण करेंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा मंत्री ने मसूरी मॉल रोड के सुधारीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोहड़ी-अनारवाला क्षेत्र में चल रहे सड़क कार्यों में तेजी लाने को कहा ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। बैठक में गढ़ी डाकरा क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्यों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर मंत्री ने समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, समीर पुंडीर, अनुज कौशल, विष्णु गुप्ता और संजय नौटियाल सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।