सीबीएसई इंटर परीक्षा में मसूरी के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, ओक ग्रोव की माही खुराना ने 98.4 प्रतिशत अंक हासिल कर किया टॉप, विभिन्न स्कूलों में जश्न का माहौल

Blog
 Image


मसूरी। सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही पर्यटन नगरी मसूरी में खुशी की लहर दौड़ गई। शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। परीक्षा परिणाम आने के बाद स्कूल परिसरों और घरों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की, वहीं अभिभावकों और शिक्षकों ने भी बच्चों की सफलता पर गर्व जताया।इस वर्ष मसूरी के प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विशेष रूप से छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई विद्यालयों में टॉप स्थान हासिल किए।
ओकग्रोव स्कूल की माही खुराना बनी टॉपर
ओक ग्रोव स्कूल के झड़ीपानी स्थित परिसर की छात्रा माही खुराना ने 98.4 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में पहला स्थान प्राप्त किया। माही ने दो विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। विद्यालय में दूसरे स्थान पर सुहाना कौशिक ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि राज नंदनी 95 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। डॉली कुमारी ने 94.8 प्रतिशत अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया।
वेवरली स्कूल की छात्राओं ने दिखाया दम
वेवरली कॉन्वेंट की छात्राओं ने भी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया। अन्विशा चौहान ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सानवी यादव ने 96.8 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। खुशी बरार और स्वास्तिका रावलोट ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। आदिरिका सोनी ने 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
मानव भारती स्कूल में कॉमर्स और मानविकी वर्ग का शानदार परिणाम
मानव भारती इंडिया इंटरनेशनल स्कूल में भी छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कॉमर्स वर्ग में अमीषा पंवार ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि वैष्णवी बिष्ट 91 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। मानविकी वर्ग में रीवा ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। विज्ञान वर्ग में अहाना झिल्डियाल ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि अभिनव पैन्यूली 73 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
संभोटा तिब्बतन स्कूल का शत-प्रतिशत परिणाम
संभोटा तिब्बतन स्कूल का इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय की छात्रा स्नेहा राणा ने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। निशबा ने 91.2 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि दिव्या राणा ने 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। अवनि गुसांई ने 89.8 प्रतिशत और हिमांशु राणा ने 87.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। वहीं छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग को दिया। मसूरी के शिक्षा जगत में इस शानदार परीक्षा परिणाम को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।