सेंट जॉर्ज कॉलेज में आयोजित 53वें हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 में शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दिनभर गोलों की बरसात होती रही, जहां नवचेतन स्पोर्ट्स क्लब, विनबर्ग एलन स्कूल (ए टीम) और मैनोराइट ने शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी। दिन का सबसे एकतरफा मुकाबला नवचेतन स्पोर्ट्स क्लब और ब्लू फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। नवचेतन ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को 7-0 से करारी शिकस्त दी। टीम के स्टार खिलाड़ी देवू ने चार गोल दागकर मैच के हीरो बने, जबकि मानव ने दो और सोहन ने एक गोल कर जीत में अहम भूमिका निभाई। दूसरे मुकाबले में विनबर्ग एलन स्कूल (ए टीम) ने ओक ग्रोव स्कूल को 5-0 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। जॉर्डन ने शुरुआती गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि नोरजोंडी ने दो गोल दागे। एक आत्मघाती गोल और दोरजी के शानदार गोल ने जीत को और यादगार बना दिया। तीसरे मुकाबले में मैनोराइट और युवा स्पोर्ट्स क्लब के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। युवा स्पोर्ट्स क्लब ने पहले गोल के साथ बढ़त बनाई, लेकिन मैनोराइट के जोतिश ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गोल दागकर हैट्रिक पूरी की और अपनी टीम को 3-1 से जीत दिला दी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का संचालन पुष्कर सिंह गुसाईं, प्रदीप नेगी, प्रशांत रावत, मिलन और अनीश छेत्री के निर्णायक पैनल ने निष्पक्ष और पेशेवर ढंग से किया। प्रतियोगिता का आयोजन ब्रदर जेयसीलन एस. (प्रधानाचार्य), ब्रदर ब्रिट्टो (सुपीरियर एवं खेल सचिव), ब्रदर सिल्वेनस केरकेट्टा, ब्रदर लॉरेंस कुजूर, ब्रदर निथिन मिटरली, खेल समन्वयक आनंद थापा और पीआरओ भवनेश नेगी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

