दूसरे वैली ब्रिज से मसूरी को बड़ी राहत, होटल एसोसिएशन ने सरकार का जताया आभार

Blog
 Image


मसूरी होटल एसोसिएषन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल और महामंत्री अजय भार्गव ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर उत्तराखंड सरकार, कैबिनेट मंत्री गणेष जोषी और संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर शिव मंदिर के पास दूसरे वैली ब्रिज के निर्माण और जनता को समर्पित किए जाने से पर्यटन नगरी को बड़ी राहत मिली है।संजय अग्रवाल ने बताया कि 16 सितंबर 2025 को भारी आपदा के कारण मसूरी-देहरादून को जोड़ने वाला मुख्य पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद सरकार ने मात्र 48 घंटे के भीतर अस्थायी वैली ब्रिज बनाकर यातायात बहाल किया, लेकिन पुल संकरा होने के कारण एक समय में केवल एक ही वाहन गुजर पा रहा था। इससे लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी और पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि होटल एसोसिएशन और शहर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगातार दूसरे वैली ब्रिज की मांग उठाई जा रही थी, जिसे सरकार ने गंभीरता से लिया। इसके बाद नए वैली ब्रिज का निर्माण कराया गया और 24 अप्रैल को मंत्री गणेश जोशी द्वारा इसे जनता को समर्पित किया गया।
पक्के पुल का निर्माण भी शुरू
होटल एसोसिएशन ने जानकारी दी कि सरकार ने करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्थायी पुल के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। टेंडर जारी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही नया स्थायी पुल भी तैयार होकर जनता को समर्पित किया जाएगा।
पर्यटन बढ़ेगा, लेकिन पार्किंग सबसे बड़ी चुनौती
संजय अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे बनने के बाद अब दिल्ली से देहरादून की दूरी करीब ढाई घंटे रह गई है। इसका सीधा लाभ मसूरी पर्यटन को मिलेगा और पर्यटकों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा। हालांकि उन्होंने कहा कि मसूरी में पार्किंग की समस्या सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जीरो प्वाइंट पर लगभग एक हजार वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग बनाने की योजना है, लेकिन जब तक यह परियोजना पूरी नहीं होती, तब तक मल्टीलेवल और हाइड्रोलिक पार्किंग पर काम किया जाना जरूरी है ताकि कम जगह में अधिक वाहनों की पार्किंग हो सके।
रिंग रोड से जाम से मिलेगी राहत
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि मसूरी-देहरादून रिंग रोड परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके बनने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को शहर के भीतर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और देहरादून-मसूरी मार्ग पर यातायात अधिक सुगम हो सकेगा।
पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने पर जोर
होटल एसोसिएशन ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार पर्यटन उद्योग को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, बल्कि पहाड़ के स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों को भी देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। पत्रकार वार्ता के दौरान होटल व्यवसायियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मसूरी में बुनियादी सुविधाओं का और विस्तार होगा, जिससे पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी।