पर्यटन नगरी मसूरी की लाइफलाइन मानी जाने वाली मॉल रोड पर अवैध रूप से पटरी लगाकर कारोबार करने वालों के खिलाफ शनिवार देर रात चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद और कुछ लोगों के बीच तीखा विवाद हो गया। नगर पालिका का आरोप है कि कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ महिलाओं और संजय टम्टा नामक व्यक्ति ने न केवल टीम को रोका बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ अभद्रता की तथा जब्त सामान ले जा रहे वाहन को भी बलपूर्वक रोक दिया।
घटना के बाद नगर पालिका कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। रविवार को कर्मचारी संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी मसूरी कोतवाली पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होने बताया हिक नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के नेतृत्व में शनिवार रात मॉल रोड पर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। पालिका के अनुसार लंबे समय से कुछ लोग नियमों को दरकिनार कर देर रात मॉल रोड पर अवैध रूप से पटरी लगाकर कारोबार कर रहे हैं, जिससे यातायात और व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी के मद्देनजर टीम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
नगर पालिका के अनुसार अभियान के दौरान कुछ लोगों ने टीम का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि संजय टम्टा और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, अभद्र व्यवहार किया और कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, जब्त सामान लेकर जा रहे पालिका के वाहन को भी रोक दिया गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और कहासुनी हुई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। नगर पालिका प्रशासन ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि घटना से पहले भी संजय टम्टा ने पालिका कर्मचारी रोबिन को मोबाइल फोन पर धमकी दी थी। शिकायत में कहा गया है कि फोन पर कहा गया, ईओ साहब तो चले जाएंगे, अध्यक्ष जी भी पांच साल तक ही हैं, लेकिन तुम्हें तो यहीं रहना है। पालिका का दावा है कि इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपा जाएगा।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और अभद्र व्यवहार से कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन ड्यूटी के दौरान ही उन्हें धमकियां दी जा रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के महामंत्री चंद्र प्रकाश बडोनी ने कहा कि पालिका कर्मचारी और अधिकारी मॉल रोड की व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर अवैध रूप से पटरी लगाकर व्यवस्थाओं को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन कार्रवाई का विरोध कर कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ अभद्रता की जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का मनोबल तोड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी आंदोलन और कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे, जिसका सीधा असर शहर की व्यवस्थाओं पर पड़ेगा।
अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने प्रभारी निरीक्षक मसूरी को भेजे पत्र में घटना को गंभीर बताते हुए संजय टम्टा और उनके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों को धमकी देने, अभद्रता करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पालिका अध्यक्ष और उपजिलाधिकारी को भी भेजी गई है।
मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने कहा कि नगर पालिका की ओर से प्राप्त शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

