मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में गरबा के रंग, पारंपरिक परिधान और भक्ति संगीत के बीच महिलाओं ने उत्साह के साथ सांस्कृतिक संध्या मनाई। गोल्डन लायनेस क्लब मसूरी हिल्स की ओर से आयोजित गरबा प्रतियोगिता में महिलाओं ने नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मनोरंजक खेलों के साथ धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों पर भी चर्चा हुई। आयोजन ने महिलाओं को एक मंच पर लाने के साथ आपसी मेलजोल और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर दिया। एक रेस्टोरेंट के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब अध्यक्ष अंबुज अग्रवाल ने भगवान गणेश के मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन के साथ किया। इसके बाद माता लक्ष्मी और गणपति की आरती तथा भक्ति गायन हुआ। धार्मिक वातावरण के बीच गरबा नृत्य प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें महिलाओं ने विशेष पारंपरिक परिधान पहनकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।क्लब अध्यक्ष अंबुज अग्रवाल ने कहा कि गरबा और दीपावली जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। क्लब का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ एक-दूसरे से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए परंपराओं को जीवंत बनाए रखने और त्योहारों को सामूहिक रूप से मनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान महिलाओं ने गरबा की लय पर कदम मिलाए। कार्यक्रम में विभिन्न मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए, जिनमें सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विजेता टीम को पुरस्कार और उपहार देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह और सौहार्द का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में लेखिका और समाजसेवी निधि बहुगुणा ने जम्मू-कश्मीर स्थित शारदा शक्तिपीठ के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इस प्राचीन धार्मिक स्थल से जुड़े सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पक्षों से उपस्थित महिलाओं को परिचित कराया। इससे मनोरंजन के साथ कार्यक्रम में ज्ञानवर्धक चर्चा का भी समावेश हुआ।कार्यक्रम के अंत में व्रत को ध्यान में रखते हुए फलाहार की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर अंबुज अग्रवाल, निधि बहुगुणा, ममता भाटिया, निशु गुप्ता, वंदना विरमानी, माधुरी शर्मा, नूतन राणा, लता, इला, मधुलिका माथुर, शशि रावत सहित क्लब की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।

