मसूरी पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने बेकरी हिल में पालिका आवासों की बदहाली पर फूटा गुस्सा

Blog
 Image


मसूरी। नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्षा ने बुधवार को निर्माण अनुभाग की टीम के साथ बेकरी हिल स्थित कर्मचारी आवासों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई आवास जर्जर हालत में मिले, जिस पर पालिका अध्यक्षा ने पूर्व बोर्ड और पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। पालिका अध्यक्षा ने मौके पर कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और आवासों की स्थिति का जायजा लिया। कई भवनों की छतें और दीवारें क्षतिग्रस्त मिलीं, जिससे कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि वर्ष 2022 और 2023 में बेकरी हिल क्षेत्र में करीब 1 करोड़ 48 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की गई, लेकिन यह कार्य केवल तीन संविदा कर्मियों के आवासों तक सीमित रहा। आरोप है कि स्थायी कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत और रखरखाव पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। पालिका अध्यक्षा ने कहा कि कर्मचारियों का कल्याण प्राथमिकता में है और जर्जर आवासों की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूर्व में हुए भेदभावपूर्ण कार्यों की अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बेकरी हिल स्थित सभी क्षतिग्रस्त आवासों की मरम्मत के लिए जल्द कार्ययोजना तैयार की जाए ताकि कर्मचारियों को सुरक्षित और बेहतर आवास उपलब्ध कराए जा सकें। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों और पालिका कर्मचारियों ने भी लंबे समय से उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। निरीक्षण में अवर अभियंता रजत नेगी और क्षेत्रीय सभासद अमित भट्ट भी मौजूद रहे।