मसूरी। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों की स्मृति में दो सितंबर को होने वाले शहीद दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में राज्य आंदोलनकारियों को आमंत्रित नहीं किए जाने पर उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी संगठन ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन ने इसे आंदोलनकारियों की उपेक्षा और अपमान करार देते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत करने की चेतावनी दी है।
संगठन के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी ने कहा कि जिस राज्य के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों की बाजी लगाई, उसी राज्य में उनके शहीद दिवस की तैयारियों पर होने वाली बैठक से उन्हें दूर रखा जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी बैठक का क्या औचित्य है, जिसमें राज्य निर्माण आंदोलन के संघर्ष और बलिदान के प्रमुख हिस्सेदारों को ही सुझाव देने का अवसर नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि मसूरी गोलीकांड उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास का बेहद महत्वपूर्ण अध्याय है। दो सितंबर को शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रम में आंदोलनकारियों की भूमिका और उनके सुझावों को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। । उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा और संगठन की ओर से औपचारिक शिकायत की जाएगी।
