बार-बार हो रहे भूस्खलन से सड़क संकरी, पांच प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट; जलधारा को बताया मुख्य वजह, अवैध निर्माण व खनन पर कार्रवाई के निर्देश
मसूरी। मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर पानी वाले मोड़ के समीप लगातार हो रहे भूस्खलन और सड़क के क्षतिग्रस्त होने की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने के लिए सोमवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेते हुए अधिकारियों से सड़क की स्थिति और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। बारिश के दौरान पानी वाले मोड़ के समीप लगातार पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से सड़क संकरी हो रही है। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अभियंता और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से समस्या के कारणों की जानकारी ली। प्रारंभिक निरीक्षण में सामने आया कि पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में जलधारा होने के कारण पानी नीचे सड़क की ओर आ रहा है। पानी के लगातार रिसाव के चलते मिट्टी कमजोर हो रही है और बार-बार भूस्खलन हो रहा है।
सड़क के लिए जितना बजट चाहिए, मिलेगा
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी-देहरादून मार्ग का स्थायी समाधान सरकार की प्राथमिकता है। सड़क को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए जितनी भी धनराशि की आवश्यकता होगी, उसे उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के साथ ही सड़क की सुरक्षा के लिए ठोस और स्थायी उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मसूरी देश-दुनिया की प्रमुख पर्यटन नगरी है। ऐसे में मसूरी का मुख्य मार्ग सुरक्षित और सुगम होना बेहद जरूरी है। मार्ग की खराब स्थिति का सीधा असर स्थानीय लोगों के साथ पर्यटन पर भी पड़ता है। इसलिए इस समस्या का अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है।
पांच प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट
मंत्री ने बताया कि पानी वाले बैंड के समीप भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए पांच प्रभावित परिवारों को एसडीएम की ओर से सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। प्रभावित परिवारों को आपदा के नियमों के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
अवैध निर्माण और खनन पर होगी कार्रवाई
गणेश जोशी ने कहा कि सड़क के आसपास लोगों की ओर से किए जा रहे अवैध निर्माण और खनन से भी क्षेत्र की स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का प्रतिकूल प्रभाव पहाड़ी की स्थिरता और सड़क पर पड़ रहा है। इस मामले में संबंधित विभागों को जांच कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पास अब कोई काम नहीं बचा है, इसलिए उन्हें हर काम में भ्रष्टाचार नजर आता है। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है तो वह सही कार्रवाई है। मंत्री ने कहा कि सरकार का ध्यान विकास कार्यों और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है। मसूरी मार्ग की समस्या का स्थायी समाधान कर स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराया जाएगा।निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, संदीप साहनी, संजय अग्रवाल, राकेश रावत, राकेश माथुर, एसडीएम मसूरी राहुल आनंद, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता दयानंद, अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

