बारिश और भूस्खलन से संवेदनशील हुआ मार्ग, यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती का भी अनुरोध
=
मसूरी। मसूरी होटल एसोसिएशन के द्वारा मानसून की भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए मसूरी-देहरादून स्टेट हाईवे की स्थिति को लेकर अब मुख्यमंत्री से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। विशेष रूप से गलोगी से ऋषि आश्रम के बीच क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई गई है। लगातार बारिश और बार-बार हो रहे भूस्खलन के कारण यह मार्ग संवेदनशील बना हुआ है, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि इस मानसून में हुई भारी वर्षा के कारण मसूरी-देहरादून मार्ग को कई स्थानों पर नुकसान पहुंचा है। गलोगी और ऋषि आश्रम के मध्य सड़क की स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है। मार्ग पर भूस्खलन और मलबा आने के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
मसूरी-देहरादून स्टेट हाईवे स्थानीय लोगों के साथ ही मसूरी आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। पर्यटन सीजन और रोजमर्रा के आवागमन के दौरान इस सड़क पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति का असर सीधे यातायात व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा पर पड़ रहा है। पत्र में कहा गया है कि मार्ग की तत्काल मरम्मत के साथ संवेदनशील स्थानों का तकनीकी निरीक्षण कराया जाना भी जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान सड़क को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। लगातार भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की भी मांग की गई है। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से यातायात को नियंत्रित करने, जाम की स्थिति से निपटने और किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। मांग की गई है कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त निगरानी बढ़ाई जाए तथा बारिश के दौरान सड़क पर मलबा आने की स्थिति में उसे जल्द हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मसूरी होटल एसोसिएषन अध्यक्ष संजय अग्रवाल और सचिव अजय भार्गव ने बताया कि मानसून के दौरान मसूरी-देहरादून मार्ग पर बार-बार भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने की समस्या सामने आती है। हर बार मलबा हटाकर यातायात तो बहाल कर दिया जाता है, लेकिन संवेदनशील स्थानों का स्थायी उपचार नहीं होने से समस्या दोबारा खड़ी हो जाती है। ऐसे में गलोगी से ऋषि आश्रम के बीच सड़क की तत्काल मरम्मत के साथ भूस्खलन प्रभावित पहाड़ियों का वैज्ञानिक उपचार, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था और सड़क की सुरक्षा के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करने की जरूरत बताई गई है। उन्होने मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि मसूरी-देहरादून मार्ग पर आवाजाही सुरक्षित और सुचारु बनी रहे।

