मसूरी माल रोड पर हुड़दंग का वीडियो वायरल पड़ते ही हरकत में आई पुलिस, कार सीज

Blog
 Image


पर्यटन नगरी मसूरी में माल रोड पर कार की छत पर बैठकर हुड़दंग मचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मसूरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को सीज कर दिया। वहीं सार्वजनिक शांति भंग करने वाले युवक का चालान भी किया गया। जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लाल रंग की ब्रेजा कार संख्या यूके17-डब्लू-3081 की छत पर बैठा एक युवक सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की हरकतों पर नाराजगी जताई थी और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।
मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मसूरी के पर्यवेक्षण में कोतवाली मसूरी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने वीडियो की जांच कर वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान की। इसके बाद संबंधित वाहन को तलाश कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए सीज कर दिया गया।
पुलिस जांच में कार की छत पर बैठकर हुड़दंग करने वाले युवक की पहचान शिवम पुत्र सोमपाल निवासी अकबरपुर कालसो, भगवानपुर, हरिद्वार के रूप में हुई। उसके खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी, जिसके बाद उसे भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो और शिकायतों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी निगरानी के दौरान उक्त वीडियो संज्ञान में आया और तत्काल कार्रवाई की गई। मसूरी में पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में पुलिस कानून व्यवस्था और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष नजर बनाए हुए है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, शराब के नशे में उत्पात या यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मसूरी पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शालीनता बनाए रखें, यातायात नियमों का पालन करें और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें जिससे जनसुरक्षा एवं सार्वजनिक शांति प्रभावित हो। पुलिस ने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि माल रोड पर हुड़दंग का यह वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि पर्यटन नगरी में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।