मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने से पर्यटन कारोबार पर संकट गहराने लगा है। सड़क की बदहाल स्थिति और लगातार लग रहे जाम को देखते हुए होटल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री, सचिव पर्यटन और सचिव लोक निर्माण विभाग से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। होटल एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचा और एसडीएम राहुल आनंद के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत संबंधित विभागों को ज्ञापन भेजा। एसोसिएशन ने कहा कि मसूरी की अर्थव्यवस्था काफी हद तक पर्यटन पर निर्भर है और देहरादून से मसूरी पहुंचने वाला मुख्य मार्ग ही यदि बाधित रहेगा तो इसका सीधा असर पर्यटकों की आवाजाही और होटल-व्यापार कारोबार पर पड़ेगा। ज्ञापन में कहा गया कि पानी वाले बैंड के पास सड़क की खराब स्थिति के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और वाहन चालकों को लंबा जाम झेलना पड़ रहा है। सामान्य दिनों में भी यात्रियों को परेशानी हो रही है, जबकि 14 से 16 अगस्त तक स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में यदि सड़क की मरम्मत समय रहते नहीं हुई तो मसूरी में प्रवेश करने और बाहर निकलने में पर्यटकों को घंटों लग सकते हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल और सचिव अजय भार्गव ने आशंका जताई कि सड़क की खराब स्थिति और यातायात अव्यवस्था के कारण पर्यटक मसूरी आने से बच सकते हैं या खराब अनुभव लेकर लौट सकते हैं। इसका असर होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, दुकानदारों और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारियों पर पड़ना तय है। एसोसिएशन ने सड़क को केवल यातायात का माध्यम नहीं बल्कि मसूरी की पर्यटन अर्थव्यवस्था की लाइफलाइन बताया। ज्ञापन में सड़क की क्षतिग्रस्त स्थिति को यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बताया गया। एसोसिएशन ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए और जब तक सड़क पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाती, तब तक यातायात संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराने के निर्देश देने की मांग की, ताकि आगामी सप्ताहांत और स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों से पहले मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारु किया जा सके। ज्ञापन देने वालों में होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सचिव अजय भार्गव और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष रजत अग्रवाल मौजूद रहे।

