देश-विदेश की यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों ने छात्रों और अभिभावकों को पाठ्यक्रम व करियर विकल्पों की दी जानकारी
मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज में सोमवार को यूनिवर्सिटी फेयर-2026 का आयोजन किया गया। फेयर में देश-विदेश की करीब 50 यूनिवर्सिटीज के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर छात्रों और अभिभावकों को उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, पाठ्यक्रमों और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी। आयोजन का उद्देश्य छात्रों को उनके रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य की पढ़ाई के लिए बेहतर विकल्प चुनने में मदद करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं सेंट जॉर्ज कॉलेज के सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो को पौधा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। यूनिवर्सिटी प्रतिनिधियों ने अलग-अलग स्टॉल के माध्यम से अपने संस्थानों के पाठ्यक्रम, प्रवेश प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी छात्रों व अभिभावकों के साथ साझा की। फेयर में छात्रों को एक ही मंच पर विभिन्न विश्वविद्यालयों के बारे में जानकारी मिलने से उन्हें उच्च शिक्षा के विकल्पों को समझने और अपनी रुचि के अनुसार भविष्य की दिशा तय करने का अवसर मिला। अभिभावकों ने भी विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर पाठ्यक्रम और करियर से जुड़े सवालों के जवाब प्राप्त किए। मुख्य अतिथि सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो ने कहा कि यूनिवर्सिटी फेयर केवल एक शैक्षणिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह छात्रों के भविष्य को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि सही समय पर उच्च शिक्षा और करियर के विकल्पों की जानकारी मिलने से विद्यार्थी सोच-समझकर अपने भविष्य का निर्णय ले सकते हैं। छात्रों और अभिभावकों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अलग-अलग विश्वविद्यालयों और उनके पाठ्यक्रमों को करीब से समझने का अवसर देते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से भविष्य में भी इस तरह के करियर एवं उच्च शिक्षा संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रदर जेयसीलन ने यूनिवर्सिटीज के प्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने अपना बहुमूल्य समय देकर छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनके भविष्य और करियर को लेकर सही मार्गदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिलवेनुस कैरकेटा, ब्रदर लॉरेंस, सीनियर कोऑर्डिनेटर मार्क गोंसाल्विस, करियर फेयर कमेटी के सदस्य पी.डी. जायसवाल, पीआरओ भवनेश नेगी, दीक्षा माटा, पंकज मलिक, श्रीजय मल्ल, प्रवीण गुसाईं सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।

