मसूरी में तीज के बहाने महिलाओं ने सजाई संस्कृति की महफिल, गढ़वाली गीतों पर झूमीं महिलाएं

Blog
 Image


मसूरी। हरियाली तीज के अवसर पर प्रताप नगर जन महिला कल्याण समिति की ओर से आयोजित उत्सव में महिलाओं ने लोक संस्कृति, परंपरा और आपसी सौहार्द का रंग बिखेरा। राधाकृष्ण मंदिर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महिलाएं पारंपरिक श्रृंगार में पहुंचीं और गढ़वाली गीतों पर सामूहिक नृत्य कर जमकर उत्सव मनाया। पहली बार आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी से आयोजकों का उत्साह भी बढ़ा। कार्यक्रम में सामूहिक नृत्य के साथ विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं और तीज क्वीन प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया और उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समिति की सदस्यों ने कहा कि तीज केवल सजने-संवरने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के आपसी मेलजोल, प्रेम, सौहार्द और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ी परंपरा है। व्यस्त दिनचर्या के बीच ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी लोक संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर देते हैं। भरोसी रावत ने कहा कि प्रताप नगर महिला समिति की ओर से पहली बार तीज उत्सव आयोजित किया गया है। महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी से आयोजन को लेकर उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समिति की ओर से विभिन्न पर्व और सांस्कृतिक कार्यक्रम सामूहिक रूप से आयोजित किए जाएंगे। अनीता थलवाल ने सभी महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पहली बार आयोजित कार्यक्रम में जिस तरह महिलाओं ने उत्साह दिखाया, उससे यह स्पष्ट है कि महिलाएं अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़कर आगे बढ़ना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम में भरोसी रावत, अनीता थलवाल, सुनीता राणा, पूर्व सभासद मनीषा खरोला, कमला थपलियाल, अनीता धनाई, माया बुटोला, रेखा रावत, नमिता कुमाई, दर्शनी सेमवाल सहित पालिका सभासद पवन थलवाल, विशाल खरोला और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।