पर्यटन नगरी मसूरी में परिवार के साथ घूमने आए एक युवक के अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। युवक का मोबाइल फोन भी बंद होने के कारण परिवार की चिंता और बढ़ गई। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में युवक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार दिल्ली के गणेश नगर एक्सटेंशन निवासी मोहित शर्मा अपने परिवार के साथ मसूरी घूमने आए थे। रविवार को उनका 18 वर्षीय पुत्र जतिन शर्मा गांधी चौक क्षेत्र से अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला और मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिला तो चिंतित परिजन थाना मसूरी पहुंचे और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मसूरी पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने गांधी चौक, मॉल रोड, लाइब्रेरी चौक, पिक्चर पैलेस, हैप्पी वैली, पोलो ग्राउंड, बस स्टैंड सहित विभिन्न संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की। साथ ही तकनीकी सहायता लेते हुए युवक के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की गई। कुछ समय बाद मोबाइल फोन सक्रिय होने पर उसकी लोकेशन हैप्पी वैली क्षेत्र में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हैप्पी वैली स्थित पोलो ग्राउंड क्षेत्र से युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह किसी बात को लेकर अपने पिता से नाराज था और गुस्से में अकेले ही वहां से चला गया था। इसी कारण उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया था। आवश्यक पूछताछ और सत्यापन के बाद पुलिस ने युवक को उसके पिता मोहित शर्मा के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और मसूरी पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। बरामदगी अभियान में अपर उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल विनोद चौहान और होमगार्ड संजीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

