मसूरी। प्रताप नगर जन कल्याण समिति की ओर से आईएमए ब्लड बैंक के सहयोग से शहर में दूसरा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए 35 यूनिट रक्तदान किया। समिति ने रक्तदान को जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने वाली महत्वपूर्ण सेवा बताया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला और पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि रक्तदान महादान है और इसके जरिए हम किसी अनजान जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की सीमित उपलब्धता को देखते हुए ऐसे रक्तदान शिविरों का आयोजन बेहद जरूरी है। युवाओं को भी सामाजिक सेवा के ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। पूर्व सभासद प्रताप पंवार ने कहा कि रक्त की जरूरत कब और किसे पड़ जाए, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। एक यूनिट रक्त कई बार किसी परिवार के लिए उम्मीद की किरण बन जाता है। उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान शिविर को लगातार आयोजित किया जाना समाज के प्रति जिम्मेदारी का उदाहरण है। समिति पदाधिकारियों और मुलायम सिंह पहाडी ने बताया कि यह उनका दूसरा रक्तदान शिविर है और भविष्य में भी स्वास्थ्य एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बना और लोगों ने नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प भी लिया।

