मसूरी। साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट कैंपटी के निदेशक एवं पूर्व डीआईजी एसपी चमोली को प्रतिष्ठित तेंजिंग नोर्गे लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड मिलने पर उनका सम्मान और अभिनंदन किया गया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रवींद्र जुगरान समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने एसपी चमोली को सम्मानित कर इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया।कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रवींद्र जुगरान, डा. दीपक जोशी, पर्यावरण प्रेमी रवींद्र सिंह गुसांई, मसूरी के पूर्व सभासद वीरेंद्र पंवार और सैंजी गांव के प्रधान पति कमल रावत ने एसपी चमोली का अभिनंदन किया। इस अवसर पर रवींद्र जुगरान ने कहा कि एसपी चमोली को मिला यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व और गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि तेंजिंग नोर्गे पुरस्कार देश के प्रतिष्ठित साहसिक खेल सम्मानों में शामिल है और इसे अर्जुन पुरस्कार के समकक्ष माना जाता है। ऐसे में एसपी चमोली को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड मिलना विशेष उपलब्धि है। जुगरान ने कहा कि जीवनभर साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में किए गए योगदान और उपलब्धियों को इस पुरस्कार के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय और साहसिक पर्यटन से भी जुड़ी है। एसपी चमोली जैसे विशेषज्ञों के प्रयासों से प्रदेश में साहसिक पर्यटन को नई दिशा मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में पर्वतारोहण, ट्रैकिंग और साहसिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। ऐसे क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाले व्यक्तित्व को प्रतिष्ठित सम्मान मिलना प्रदेश के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एसपी चमोली के अनुभव का लाभ आने वाली पीढ़ी को मिलेगा और उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को और मजबूती मिलेगी।सम्मान समारोह में मौजूद लोगों ने एसपी चमोली की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

