मसूरी भट्ठा फॉल में फंसी गाय को घंटों की मशक्कत के बाद बचाया, फायर सर्विस, पशु चिकित्सालय, स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने दिखाई इंसानियत

Blog
 Image


मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भट्ठा फॉल में इंसानियत और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। यहां फॉल के तेज बहाव वाले पानी में कल दोपहर से फंसी एक गाय को शुक्रवार को कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि गाय पूरी तरह स्वस्थ है। जानकारी के अनुसार भट्ठा फॉल क्षेत्र में एक गाय अचानक फॉल के पानी के बीच फंस गई थी। काफी देर तक गाय बाहर नहीं निकल सकी और लगातार बहते पानी के बीच उसकी जान पर खतरा मंडराने लगा। पशु मालिक मोहन सिंह राणा ने इसकी सूचना संबंधित विभागों को दी, जिसके बाद तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सालय मसूरी, फायर सर्विस मसूरी की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों और वहां मौजूद पर्यटकों ने भी मानवता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान में पूरा सहयोग किया। सभी ने मिलकर रस्सियों और अन्य संसाधनों की मदद से घंटों की मेहनत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि फॉल के तेज बहाव और फिसलन भरे क्षेत्र के कारण गाय को बाहर निकालना काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीमवर्क और तत्परता के चलते आखिरकार सफलता मिल गई। बाहर निकालने के बाद पशु चिकित्सकों द्वारा गाय का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस, पशु चिकित्सालय और रेस्क्यू में शामिल सभी लोगों की सराहना करते हुए कहा कि बेजुबान जानवरों के प्रति इस तरह की संवेदनशीलता समाज के लिए प्रेरणादायक है। वहीं पर्यटकों ने भी रेस्क्यू अभियान की तारीफ करते हुए कहा कि मसूरी के लोगों ने मानवता की सच्ची मिसाल पेश की है।  इस मौके पर पषु चिकित्सक डा. गरिमा शर्मा, नरोत्तम सिंह प्षु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी मसूरी सहित फायर सर्विस के जवान मौजूद थे।