मूसलाधार बारिश और तूफान से भट्ठा गांव में भारी नुकसान

Blog
 Image


मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। मसूरी के भट्ठा गांव क्षेत्र में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर वहां खड़ी तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज तूफान के चलते पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे सड़क पूरी तरह बाधित हो गई और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मसूरी की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर मार्ग को सुचारु कराया। इस पूरे मामले में जनप्रतिनिधि आशीष रावत ने प्रशासन और सरकार से प्रभावित वाहन स्वामियों को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में लोगों की गाड़ियों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे वाहन स्वामियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। सरकार को ऐसे प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। आशीष रावत ने कहा कि फायर स्टेशन मसूरी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए रात में ही मार्ग खोलने का सराहनीय कार्य किया, जिसके लिए समस्त ग्रामवासियों की ओर से फायर सर्विस का आभार व्यक्त किया जाता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बदलते मौसम और आंधी-तूफान की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की जरूरत है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए कमजोर और खतरनाक पेड़ों का सर्वे कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।